
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बिना पर्ची बिना खर्ची हरियाणा प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरियां दी। बात कांग्रेस को अखर गई। इसलिए कांग्रेस की भर्ती रोको गैंग ने युवाओं को नौकरियां देने पर ब्रेक लगवा दिए। यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी Pm Modi ने हिसार के निमार्णाधीन एयरपोर्ट के समीप एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा प्रदेश के युवाओं पर दोहरा वार किया है। एक तो कांग्रेस के समय में बिना पर्ची-खर्ची के सरकारी नौकरी नहीं मिलती थी।
नौकरी के लिए रिश्वत देने के लिए गरीब को खेत तक बेचे पड़ते थे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नौकरियों के नाम पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने दोहराया कि 28 सितंबर के ही के दिन भारत ने पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। कांग्रेस ऐसी पार्टी है। उन्होंने इस एयर स्ट्राइक के भी सबूत मांगे थे। मोदी ने कहा कि हमने इसी दिन बता दिया था कि भारत अब घर में घुसकर मारता है, सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि क्या देशभक्त हरियाणा के लोग ऐसी कांग्रेस को बर्दाश्त करेंगे? कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विदेश में जाकर कांग्रेस के नेता वही भाषा बोलते हैं, जो भारत का बुरा चाहने वालों को पसंद आती है।
कांग्रेस की नीतियां पाकिस्तान को पसंद आती है। इसलिए हरियाणा के लोगों को कांग्रेस के वादों और इरादों से बहुत सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ये वही कांग्रेस है जिसने हमारे जवानों को वन रैंक वन पेंशन नहीं दी। कांग्रेस झूठ बोलती थी। मैंने हरियाणा के रेवाड़ी से यह गारंटी दी थी कि ओआरओपी लागू करूंगा। हमारी सरकार एक लाख बीस हजार करोड़ से ज्यादा पूर्व सैनिकों को दे चुकी है। हरियाणा के जवानों के खातों में भी दस हजार करोड़ रुपए से ज्यादा जमा कर चुकी है। कांग्रेस कभी फौजियों का भला नहीं सोच सकती।
हिसार बड़ा व्यापारिक केन्द्र बनने की ओर अग्रसर
मोदी ने कहा कि यह क्षेत्र अब बड़ा व्यापारिक केंद्र बनने की और अग्रसर है। हिसार एयरपोर्ट बनने से यहां के उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। भाजपा सरकार बनते ही हिसार एयरपोर्ट पर कमर्शियल कामकाज भी शुरू हो जाएगा। इसका फायदा व्यापार उद्योग के साथ-साथ किसानों को भी होगा। अब किसानों की उपज विदेश में निर्यात हो पाएगी। हमारा यही प्रयास है कि यहां नए उद्योग लगें। हम चाहते हैं कि दुनिया भर के निवेशक यहां आएं। मोदी ने कहा कि हरियाणा का भरोसा भाजपा पर ही है। बीते एक दशक में भाजपा ने यहां विकास को नई गति प्रदान की है। हरियाणा में चारों तरफ चौड़ी सड़कों का जाल बिछाया गया है। आज 5 जोड़ी वंदे मातरम ट्रेन मेरे हरियाणा में चलती है। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कुलदीप बिश्नोई सहित प्रदेश के नेता व बूथ स्तर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




