
- सस्ती शिक्षा, युवाओं को रोजगार व किसान आयोग के गठन का वायदा
चंडीगढ़। Congress ने शनिवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र ‘हाथ बदलेगा हालात’ के नाम से जारी किया। यहां आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, पार्टी के प्रदेश प्रधान उदयभान और राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत उपस्थित रहे। 40 पेज के घोषणा पत्र में पार्टी ने जनता से कई वादे किए हैं। घोषणा पत्र में पार्टी ने राजस्थान सरकार की तर्ज पर 25 लाख तक का इलाज नि:शुल्क, सस्ती शिक्षा, महिलाओं की समस्याओं के लिए सिंगल विंडो सिस्टम, छात्राओं के लिए मुफ्त पिंक मिनी, बस और पिंक ई-रिक्शा की सुविधा, किसानों के लिए किसान आयोग का गठन, एमएसपी की कानूनी गारंटी, किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों को मिलेगा शहीद का दर्जा, सिंघु बॉर्डर पर स्मारक बनाएंगे, एसवाईएल पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लागू करेंगे,
दो लाख सरकारी नौकरियां, हरियाणा कौशल रोजगार निगम बंद करेंगे, पेपर लीक मामलों के लिए बनेगा फास्ट ट्रैक कोर्ट, पूरे वर्ष का भर्ती कैलेंडर जारी होगा, हरियाणा विदेशी रोजगार बोर्ड का गठन, ओबीसी के लिए क्रीमी लेयर 10 लाख करेंगे, 18 से 60 साल तक महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपये, किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी व फसल खराब पर तुरंत मुआवजा देने का वादा किया गया है। घोषणा पत्र में कांग्रेस ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत बुजुर्गों, विकलांगों और विधवाओं को 6 हजार रुपये की मासिक पेंशन, कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) देने का वादा किया है।
मेनिफेस्टो सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है: Congress
कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी करते हुए पार्टी नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमारा मेनिफेस्टो बहुत ही मेहनत के साथ बना है। मैं मेनिफेस्टो कमेटी की चेयरपर्सन गीता भुक्कल जी समेत सभी साथियों को बधाई देता हूँ। हमने मेनिफेस्टो बनाते समय काफी बातों का ख्याल रखा है और इसके लिए मैं सभी को धन्यवाद देना चाहता हूँ, इसमें सभी वर्गों का पूरा ध्यान रखा गया है।
इस अवसर पर हरियाणा के वरिष्ठ पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने कहा कि मैं शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहा था। तब एक मुद्दा उठा था कि राजस्थान में पत्रकारों के लिए कई सुविधाएं कांग्रेस सरकार ने तय की थीं। लेकिन आपको जानकर खुशी होगी कि हरियाणा में भी पत्रकारों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और पेंशन वृद्धि का मुद्दा शामिल है। हमारा मेनिफेस्टो बेमिसाल है और सभी को पता है कि कांग्रेस जो कहती है, वो करती है।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




