
नई दिल्ली, 4 जुलाई 2026: (Punjab Media Team)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोवा की स्वास्थ्य (Goa Health System Collapsed) व्यवस्था को पूरी तरह चरमराई हुई बताते हुए राज्य सरकार से पंजाब मॉडल अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बिना किसी आय सीमा या शर्त के हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध करा रही है। इसी तर्ज पर गोवा में भी प्रत्येक परिवार को व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा दी जानी चाहिए ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।
केजरीवाल ने कहा कि गोवा का सरकारी स्वास्थ्य तंत्र लोगों की जरूरतों को पूरा करने में विफल साबित हो रहा है। राज्य का एकमात्र सुपर स्पेशलिटी सरकारी अस्पताल अत्यधिक दबाव में है, जहां मरीजों को बेड तक आसानी से उपलब्ध नहीं होते। उन्होंने आरोप लगाया कि सिफारिश के बिना इलाज कराना मुश्किल हो जाता है, जबकि कई दवाइयां मरीजों को बाहर से खरीदनी पड़ती हैं। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में केवल एक बड़े सरकारी अस्पताल पर लाखों लोगों की निर्भरता स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर कमजोरी को दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि दक्षिण गोवा जिला अस्पताल में 193 पद खाली पड़े हैं, जिससे विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की भारी कमी बनी हुई है। वहीं, पोंडा स्थित आईडी अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है और अधिकांश मरीजों को आखिरकार जीएमसी अस्पताल रेफर करना पड़ता है। उनका कहना था कि ऐसे हालात में आम नागरिकों के सामने इलाज के सीमित विकल्प ही बचते हैं।
Goa Health System Collapsed, पंजाब मॉडल अपनाकर दें ₹10 लाख हेल्थ कवर: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गोवा सरकार की दीन दयाल स्वास्थ्य सेवा योजना (DDSSY) भी लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने दावा किया कि 2022-23 में जहां लगभग 2.95 लाख परिवारों के कार्ड जारी किए गए थे, वहीं 2025-26 तक सक्रिय लाभार्थियों की संख्या घटकर 1.81 लाख रह गई। उनके अनुसार यह इस बात का संकेत है कि बड़ी संख्या में लोगों का इस योजना से भरोसा उठ चुका है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान योजना में तीन सदस्यीय परिवार के लिए चार लाख और चार या अधिक सदस्यों वाले परिवार के लिए छह लाख रुपये तक का बीमा है, लेकिन आज के समय में कैंसर, हार्ट अटैक या अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में इससे कहीं अधिक खर्च आता है। साथ ही योजना में केवल 447 बीमारियां और प्रक्रियाएं शामिल हैं, जबकि पंजाब की स्वास्थ्य बीमा योजना में 2,350 से अधिक बीमारियों और चिकित्सा प्रक्रियाओं को कवर किया गया है।
गोवा में अस्पतालों को महीनों भुगतान नहीं, मरीजों का इलाज प्रभावित: केजरीवाल
केजरीवाल ने यह भी कहा कि गोवा में अस्पतालों (Goa Health System Collapsed) को भुगतान में महीनों की देरी और 2016 की पुरानी दरों पर भुगतान होने के कारण कई निजी अस्पताल DDSSY कार्ड स्वीकार करने से बचते हैं। इसके विपरीत पंजाब में सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों को 15 दिनों के भीतर भुगतान किया जाता है, जिससे मरीजों को बिना किसी परेशानी के इलाज मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि आदर्श स्थिति मजबूत सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की है, लेकिन जब तक उसमें सुधार नहीं हो जाता, तब तक लोगों को प्रभावी स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पंजाब की तर्ज पर 10 लाख रुपये की सार्वभौमिक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू कर राज्य के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण इलाज का अधिकार सुनिश्चित किया जाए। उनके अनुसार इससे राज्य के निजी अस्पताल भी आम लोगों की पहुंच में आ जाएंगे और गरीब से गरीब व्यक्ति को भी वही इलाज मिल सकेगा, जो आज केवल संपन्न और प्रभावशाली लोगों को उपलब्ध है।
यह भी पढ़े :- Sanjha Suneha Conference ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान को नई मजबूती दी




