
चंडीगढ़। पिछले दोनों चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित एक घर में हुए ग्रेनेड हमले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान करने के बाद उनमें से एक रोहन मसीह को शुक्रवार को गिरफ्तार करने के बाद अमृतसर की अदालत में पेश किया। जहां से कोर्ट ने मुख्य आरोपी को 6 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। बता दें कि इस हमले की जिम्मेदारी लेने वाला आतंकी हैप्पी पासिया भी इसी गांव का रहने वाला है और ये आरोपी उसके संपर्क में थे। Chandigarh Hand Grenade Blast
वहीं, इस बारे में डीजीपी पंजाब ने भी ट्विटर एक्स के जरिए रोहन मसीह की गिरफ्तारी की जानकारी दी। चंडीगढ़ ग्रेनेड ब्लास्ट के मुख्य दोषी को पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसीज ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया है। डीजीपी ने कहा कि उसके कब्जे से 9 मिमी ग्लॉक पिस्तौल सहित गोला-बारूद बरामद किया गया। इस पूरी साजिश का पदार्फाश करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस के साथ मिलकर आगे की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी स्टेट स्पेशल आॅपरेशन सेल अमृतसर की हिरासत में है और उसे चंडीगढ़ लाया जाएगा। प्रारंभिक खुलासे में रोहन ने 11.09.2024 को चंडीगढ़ में हुए ग्रेनेड विस्फोट में अपनी भूमिका स्वीकार की।
जम्मू कश्मीर से आया था गैंगस्टर हैप्पी पासिया के संपर्क में
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी रोहन, जो पिछले कुछ वर्षों से जम्मू-कश्मीर में काम कर रहा था, गैंगस्टर हैप्पी पासिया को जानता था क्योंकि वे एक ही गांव के थे। हैप्पी पासिया ने रोहन को आर्थिक मदद का वादा करते हुए हमला करने को कहा था। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी रोहन ने ग्रेनेड ब्लास्ट में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि उसने पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर हरविंदर रिंदा और उसके करीबी सहयोगी हैप्पी पासिया के कहने पर इस घटना को अंजाम दिया था।
उन्हें अपने सहयोगियों के माध्यम से हथगोले और हथियार उपलब्ध कराए गए थे। रोहन ने बताया कि हैप्पी पासिया ने उनके लिए पैसे और रसद का भी इंतजाम किया था। पंजाब के डीजीपी ने कहा कि इस पूरी साजिश का पदार्फाश करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर आगे की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि 20 साल के रोहन का पिछले कुछ समय से गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा था, जिसके बाद वह फतेहगढ़ साहिब के पिंडी गांव में अपने रिश्तेदारों के पास रह रहा था। जानकारी के मुताबिक यह भी पता चला है कि दोनों आरोपी घटना वाले दिन एक ही आटो में आए थे, दो दिन पहले भी वे उसी आटो में घर की रेकी करने आए थे। साथ ही यह भी पता चला है कि दोनों आरोपी 9 सितंबर को चंडीगढ़ पहुंचे थे और घर की बारीकी से रेकी की थी। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी बुधवार को वोल्वो बस में जालंधर से चंडीगढ़ आए थे।
हमले के बाद दोनों अलग हो गए थे
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए ए.आई.जी. स्टेट स्पेशल आॅपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रोहन और उसका साथी पहले अमृतसर गए और उसके बाद दोनों कहीं और चले गए। रोहन शुरू में खन्ना में एक परिचित के पास गया लेकिन फिर अमृतसर लौट आया क्योंकि उसने जम्मू-कश्मीर जाने की योजना बनाई थी, इस दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अब उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है। आपको बता दें कि बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-10 के मकान नंबर 575 में बम धमाका हुआ था, जो शहर का सबसे पॉश इलाका है। इस घटना ने चंडीगढ़ पुलिस को सकते में डाल दिया है, जिसमें क्राइम ब्रांच और कई अन्य जांच टीमें भी जांच में जुटी हैं। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और कल दोनों आरोपियों की तस्वीरें भी जारी की गईं और सूचना देने वाले के लिए 2 लाख रुपये का इनाम भी रखा गया।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




