
चंडीगढ़। चंडीगढ़ में सेक्टर 10 के पॉश एरिया में बुधवार को एक रिटायर्ड अफसर के घर पर ग्रेनेड अटैक हुआ। जिससे घर में 7 से 8 इंच का गड्ढा पड़ गया। खिड़कियों के शीशे टूट गए। 3 हमलावर आॅटो से आए थे और वारदात के बाद उसी आॅटो से भाग निकले। 2 संदिग्ध युवकों की तस्वीरें सामने आई हैं।
पुलिस तलाशने पंजाब-हरियाणा रवाना
धमाके की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस में हड़कंप मच गया। डीजीपी सुरेंद्र सिंह यादव की अगुआई में आईजी राजकुमार, एसएसपी कंवरदीप कौर समेत भारी पुलिस फोर्स घर में पहुंच चुकी है। जांच के लिए मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें बुला ली गई हैं। धमाके में इस्तेमाल सामग्री की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया है। वहीं नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी भी जांच के लिए पहुंच गई है।
घटना सेक्टर-10 के मकान नंबर 575 में हुई। घटना के समय परिवार घर के अंदर था। पुलिस टेरर और गैंगस्टर एंगल पर जांच कर रही है। घटना के बाद शहर को सील कर दिया गया है। इस घटना के पीछे कौन है इसका अभी पता नहीं लग पाया है। पुलिस के अधिकारी अभी परिवार से पूछताछ कर रहे हैं।
गैंगस्टर-टेरर अटैक का शक
साथ ही पूछा जा रहा है कि क्या उनका किसी से झगड़ा या कोई अन्य विवाद तो नहीं है। एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि 112 पर परिवार की तरफ से धमाके की जानकारी दी गई थी। ये एक प्रेशर ब्लास्ट था। जिससे घर में रखे गमलों को नुकसान हुआ है और शीशे टूटे हैं। परिवार ने बताया है कि आॅटो में दो व्यक्ति आए थे।
जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। एसएसपी ने बताया कि ब्लास्ट के समय परिवार बरामदे में ही बैठा हुआ था। उन्होंने आॅटो सवार व फेंकने वाले को देखा है। घर में रहने वाले और उससे पहले यहां रह चुके किराएदारों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




