- स्कूल छोड़ने के बहाने पत्नी को मारी थी गोली, घोंपा बर्फ वाला सुआ
पत्नी को गोली मारकर और सुओं से गंभीर रूप से घायल करने के आरोपित पति ने देर शाम खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवाया। वहीं पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपित पति के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था।
मूलत: गांव ढांडाखेड़ी हाल आबाद शीतलपुरी कॉलोनी निवासी मनोज राजकीय स्कूल किठाना में जूनियर लेक्चरर अपनी पत्नी कुसमलता (39) को गाड़ी में लेकर ड्यूटी पर छोड़ने जा रहा था। रास्ते में गांव अमरहेड़ी बाईपास से निकल कर कैथल रोड पर मनोज ने अपने साथ छुपा कर लाए असलहे से पत्नी कुसमलता पर फायर कर दिया। गोली कुसम के पेट में बाई तरफ जा लगी। हाथापाई के दौरान पिस्तौल आरोपित के हाथ से गिर गया।
कुसमलता की छाती, गले तथा गर्दन पर वार
उसी दौरान आरोपित ने बर्फ तोड़ने वाले सुए से कुसमलता की छाती, गले तथा गर्दन पर वार कर दिए। कुसमलता द्वारा शोर मचाए जाने पर अन्य वाहन चालक वहां पर रूक गए। जिन्हें देख कर आरोपित पत्नी को छोड़ कर कैथल की तरफ फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और महिला को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर महिला की जान खतरे से बाहर बताई जा रही है। सदर थाना पुलिस ने घायल महिला की शिकायत पर उसके पति मनोज के खिलाफ जानलेवा हमला करने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बुधवार शाम को मनोज ने अपने गांव स्थित खेतों में जाकर खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवाया गया है। सदर थाना प्रभारी सतनारायण ने बताया कि शव को नागरिक अस्तपताल के शव गृह में रखवाया गया है।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें




