
भाजपा को जिताने का किया आह्वान
चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जब यहां कांग्रेस की सरकार थी, तब खर्ची और पर्ची के बिना नौकरी नहीं मिलती थी। भाजपा ने इस खेल को खत्म कर दिया है। इसकी प्रशंसा पूरे देश में हो रही है। वे कुरुक्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने पूरी ईमानदारी से डेढ़ लाख नौकरियां दीं। हमारे मुख्यमंत्री 25 हजार और नौकरियां देने जा रहे हैं, लेकिन हरियाणा कांग्रेस के भर्ती रोकों गैंग ने अड़ंगा लगा दिया।
हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार आने का मतलब है कि सबका साथ सबका विकास। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस आरक्षण को खत्म करने वाली है। मगर, जब तक मोदी है, आरक्षण की रत्ती भर भी लूट नहीं होने दूंगा। प्रधानमंत्री ने लोगों को चेताया कि अगर यहां कांग्रेस की सरकार आई तो इसकी हालत भी हिमाचल जैसी हो जाएगी।
जहां सरकार के पास कर्मचारियों को सैलरी देने के पैसे नहीं हैं। यहां तक कि सीएम और मंत्रियों को अपनी सैलरी छोड़नी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दे पर पीएम ने कहा कि कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है। उन्होंने कांग्रेस को चैलेंज दिया कि वे कर्नाटक और तेलंगाना में इन स्कीमों को लागू करें। मोदी ने कहा कि तेलंगाना में कुछ ही महीनों में 1200 किसान खुदकुशी कर चुके हैं। हरियाणा में भाजपा सरकार 24 फसलों पर एमएसपी दे रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी, पार्टी के वरिष्ठ नेता और जीटी रोड बेल्ट पर लगते करनाल, कुरूक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कैथल की 23 विधानसभा सीटों के उम्मीदवार भी मौजूद रहे। बता दें कि हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान होना है और 8 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
‘जम्मू-कश्मीर को आतंक मुक्त बनाएंगे’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू-कश्मीर को आतंक मुक्त बनाएगी और आगामी विधानसभा चुनाव यहां का भविष्य तय करेंगे। वे डोडा जिले में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अपनी दुकानें चलाने के लिए नेशनल कांफ्रेंस, पीडीपी और कांग्रेस ने पिछले सात दशकों से जम्मू-कश्मीर में अलगाववाद और आतंकवाद को बढ़ावा दिया।
विदेशी ताकतों के लिए आजादी के बाद जम्मू-कश्मीर एक आंख की किरकिरी बन गया, जिसके कारण साजिशें रची गई। उन्होंने कहा कि परिवार के वंश ने शासन किया और जम्मू-कश्मीर को बर्बाद कर दिया। कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी जैसी पार्टियां कभी भी जम्मू-कश्मीर के लोगों को सशक्त नहीं बनाना चाहती थीं, लेकिन भाजपा ने चुनावों के जरिए पंचायतों को मजबूत करके जमीनी स्तर पर लोकतंत्र सुनिश्चित किया।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




