
चंडीगढ़। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने वीरवार को कहा कि कांग्रेस का ज्यादातर समय आपसी गुटबाजी, लड़ाई और एक-दूसरे का हिसाब चुकता करने में खप रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘जो पार्टी 10 साल तक जनता के विषयों से दूर रही हो, जो अपने परिवार के लिए जिए या अपने गुट के लिए जिए’ ऐसे लोग हरियाणा की जनता का विश्वास कभी नहीं जीत सकते।’’ वे ‘नमो एप’ के माध्यम से ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
‘नमो एप’ के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं से किया ज्यादा मेहनत का आह्वान
मोदी ने राज्य में फिर से पार्टी की सरकार बनने का दावा किया और कहा कि यह इसलिए हो रहा है क्योंकि हरियाणा में पहली बार हुआ है कि सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा और युवाओं को ‘बिना पर्ची और खर्ची’ के रोजगार मिला। उन्होंने कहा, ‘‘आज कल तो आप देख रहे हैं’’ कांग्रेस के लाउडस्पीकर जो बड़े-बड़े दावे कर रहे थे, उनका करंट भी कमजोर हो गया है। कोई कह रहा है कि कांग्रेस हर दिन कमजोर होती जा रही है और पिछले 10 साल में कांग्रेस विपक्ष के रूप में भी विफल रही है।’’
मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस का पूरा आधार ही ‘झूठ’ पर टिका है और उसके नेता ‘बिना सिर पैर की बातें’ कर भाजपा की हवा खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। मोदी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस की आंतरिक कलह से हरियाणा का बच्चा-बच्चा परिचित है लेकिन उन्हें उनकी कलह पर सुखचैन से नहीं बैठ जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘वह अपनी मौत मरने वाले हैं। लेकिन हमें तो अपने परिश्रम से अपना झंडा गाड़ना है। हमें पहले से ज्यादा मेहनत करनी है।’’
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




