
सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित
वारसॉ। पोलैंड में लगातार बारिश के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। यह जानकारी प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण आई भीषण बाढ़ के कारण दक्षिणी पोलैंड के क्लोडज्को शहर से 1,600 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। मूसलाधार बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर, खासकर ओपोल और सिलेसिया जैसे क्षेत्रों में, खतरनाक स्तर से ऊपर चला गया। व्रोकला में स्थानीय जल प्रबंधन प्राधिकरण को आशंका है कि अगले मंगलवार को ओडर नदी में बाढ़ चरम पर होगी, जो कई दिनों तक जारी रहेगी।
पीएम ने किया लोगों की मदद का आह्वान
टस्क ने चेतावनी दी कि लोगों को सुरक्षित निकालने में देरी से ना केवल नागरिकों को खतरा हो सकता है, बल्कि, रेस्क्यू आॅपरेशन चलाने वालों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। पोलिश प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘‘अब, केवल बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद और राज्य की कार्रवाई ही मायने रखती है। जो लोग मदद कर सकते हैं, वे मदद करें, जो नहीं कर सकते, वे दिक्कत पैदा ना करें। राजनीति को एकजुटता के लिए रास्ता देना चाहिए।’’ बाढ़ के चलते बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है, सड़कें बंद हैं और रेल सेवाएं रुकी हुई हैं।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




