PUNJAB

Viral Fake Video साजिश का पर्दाफाश, मुख्यमंत्री मान ने पेश किए सबूत

Punjab Media

मोहाली, 25 जून: (Punjab Media Team)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोशल मीडिया पर Viral Fake Video को लेकर बड़ा खुलासा किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी छवि को धार्मिक आधार पर नुकसान पहुंचाने और राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से एक सुनियोजित साजिश रची गई थी। उन्होंने मीडिया के सामने कई सबूत पेश करते हुए कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति वह नहीं हैं, बल्कि उनके चेहरे जैसा विशेष रूप से तैयार किया गया एक मास्क पहनकर किसी अन्य व्यक्ति ने यह वीडियो शूट की थी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जांच के दौरान यह सामने आया है कि कनाडा में रहने वाले जगमन समरा नामक व्यक्ति ने इस मास्क का उपयोग किया। उन्होंने कहा कि वीडियो कनाडा के एक होटल में फिल्माई गई थी, जबकि वह वर्ष 2016 के बाद कभी कनाडा नहीं गए। मान ने दावा किया कि मास्क की डिलीवरी और उसके इस्तेमाल से जुड़ी तस्वीरें तथा वीडियो उनके पास मौजूद हैं, जिनमें संबंधित व्यक्ति मास्क को अपने हाथ में पकड़े हुए दिखाई देता है।

भगवंत मान ने कहा कि वीडियो में कई तकनीकी खामियां स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं। उन्होंने बताया कि उनकी ठोड़ी पर बचपन की सर्जरी का स्थायी निशान है, जो वीडियो में नजर नहीं आता। इसके अलावा गर्दन, कान, चेहरे की बनावट और त्वचा के रंग में भी अंतर देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि वीडियो को ज़ूम करके देखने पर मास्क और वास्तविक चेहरे के बीच की रेखाएं साफ दिखाई देती हैं।

Viral Fake video विवाद पर मान का पलटवार, धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधी उन्हें राजनीतिक रूप से नहीं घेर पा रहे हैं, इसलिए धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से धार्मिक संस्थाओं और आदेशों का भी दुरुपयोग किया गया। मान ने कहा कि उनकी सरकार ने सिख समुदाय और धार्मिक संस्थाओं के सम्मान के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिनमें बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून, पालकी साहिब वाहनों को टैक्स से छूट और तीन तख्त साहिब वाले शहरों को पवित्र शहर का दर्जा देना शामिल है। Viral Fake Video

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वह श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता का पूरा सम्मान करते हैं और यदि उन्हें दोबारा बुलाया जाता है तो वह एक विनम्र सिख के रूप में वहां उपस्थित होंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले से जुड़े सभी सबूत श्री अकाल तख्त साहिब को भी भेजे जाएंगे ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।

मान ने यह भी बताया कि मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और नए सबूत पंजाब पुलिस को सौंप दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आरोपी को भारत लाने के लिए इंटरपोल के माध्यम से कार्रवाई शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आने वाले दिनों में इस कथित साजिश के वित्तपोषकों, निर्माताओं और इसके पीछे काम करने वाले लोगों के बारे में भी बड़े खुलासे किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग सच्चाई को समझते हैं और ऐसे झूठे प्रचार से गुमराह नहीं होंगे। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि जांच पूरी होने के बाद पूरी साजिश बेनकाब हो जाएगी और सच जनता के सामने आ जाएगा।

यह भी पढ़े :- Bhagwant Mann Government ने पंजाब को विकास की नई दिशा दी: धालीवाल


Punjab Media

Punjab Media

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

Related Articles

Back to top button