
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में तीव्र गति से विकास हुआ है और वंदे भारत जैसी ट्रेन इसका उदाहरण है। उनका सौभाग्य है कि आज वे वंदे भारत ट्रेन में यात्रा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सोमवार को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से अमृतसर-अजमेर वंदे भारत ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ बोलकर देश कमजोर करने का कार्य किया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत मजबूत हुआ है। कांग्रेस के हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के बारे पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले अपने 10 साल के कार्यकाल का हिसाब दें। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में गरीब व्यक्ति की थानों में एफआईआर तक नहीं दर्ज होती थी।
गरीबों को नौकरी नहीं मिलती थी, किसानों को फसल खराबे का उचित मुआवजा नहीं मिलता था और फसलों की एमएसपी भी नहीं मिलती थी। आज 14 फसलों की हरियाणा में एमएसपी पर खरीद होती है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने पवित्र संविधान पर बड़ा झूठ बोलकर अपमान किया।
रेलवे स्टेशन पहुंचने पर स्टेशन सुपरिंटेंडेंट डीके सिंह तथा संजीव कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और प्लेटफार्म तक उनकी अगुवाई की। बार-बार दिल्ली में बैठकों के बारे में पूछे जाने वाले प्रश्न के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों से कई योजनाओं पर चचार्ओं के लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्री दिल्ली आते रहते हैं। हरियाणा में शीघ्र ही विधानसभा चुनाव होने हैं और भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




