PUNJAB

बादल परिवार के काले कारनामे जनता के सामने लाए जाएंगे: Bhagwant Mann

Punjab Media

फरीदकोट, 22 जून: (Punjab Media Team)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब के लोग यह नहीं भूले हैं कि किस तरह बादल परिवार और अकाली नेतृत्व ने वर्षों तक प्रदेश के हितों से समझौता किया, तीन कृषि कानूनों का समर्थन किया, राजनीतिक लाभ के लिए धर्म का इस्तेमाल किया और नशे की समस्या को बढ़ावा मिलने दिया। Bhagwant Mann कहा कि अब जनता के सामने हर सच लाया जाएगा और राज्य को विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के रास्ते पर आगे बढ़ाया जाएगा।

फरीदकोट के गांव पंजगराईं कलां में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए Bhagwant Mann ने कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब को नशे, बेरोजगारी और आर्थिक संकट की ओर धकेला, जबकि मौजूदा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के जरिए राज्य की तस्वीर बदलने में जुटी हुई है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बादल परिवार ने लंबे समय तक सत्ता में रहते हुए प्रदेश के हितों को नुकसान पहुंचाया और निजी हितों को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि जब किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब अकाली दल ने केंद्र सरकार के कृषि कानूनों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे नेताओं की राजनीति को समझ चुकी है और उन्हें उनके कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराएगी।

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान नशा तस्करों को संरक्षण मिला, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि अब नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

67,500 नौकरियां, मुफ्त बिजली और 10 लाख का स्वास्थ्य कवर: मान

Bhagwant Mann ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक 67,500 से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और सिफारिश की राजनीति समाप्त हो चुकी है और अब केवल योग्यता के आधार पर भर्ती की जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा सरकार ने निजी थर्मल प्लांट खरीदकर उसका नाम श्री गुरु अमरदास जी के नाम पर रखकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है।

स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत पंजाब के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत लोग अब तक 650 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त इलाज प्राप्त कर चुके हैं।

महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत 1 जुलाई से महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलनी शुरू होगी। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इस योजना से पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है और इसके लिए 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

रोजगार, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं से बदल रहा पंजाब: Bhagwant Mann

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक भागीदारी बढ़ाना एक मजबूत और समान समाज के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम, 2026 का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह कानून भविष्य में बेअदबी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए एक मजबूत कानूनी ढांचा तैयार करेगा और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ प्रभावी रोक साबित होगा।

इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री सेहत योजना से महिलाओं के स्वास्थ्य अधिकार होंगे और मजबूत


Punjab Media

Punjab Media

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

Related Articles

Back to top button