
चंडीगढ़। नायब सिंह सैनी 17 अक्तूबर को पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित परेड ग्राउंड में दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह जानकारी खुद कार्यवाहक सीएम ने दी। वे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आत्म प्रकाश मनचंदा के निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस शपथ ग्रहण समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे और बीजेपी का उच्च नेतृत्व भी शिरकत करेगा। उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयदशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने विपक्षी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि वे भ्रष्टाचार में फंसे हुए हैं और हिमाचल, कर्नाटक और तेंलगाना में झूठ फैलाकर सत्ता हथियाने का काम किया है।
10 मंत्री भी ले सकते हैं शपथ
जनता अब समझ चुकी है कि और लोगों का उनसे विश्वास उठ चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले 10 वर्षों में डबल इंजन की इस सरकार ने हर वर्ग के हित के लिए कार्य किया है। धरातल पर सरकारी योजनाओं को लागू करते हुए योग्य पात्रों को इसका लाभ पहुंचाने का काम किया है। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूर्व विधायक साहब सिंह सैनी के निवास स्थान पर भी पहुंचे, जहां पर उन्होंने परिवार का कुशलक्षेम भी जाना। इस मौके पर पूर्व शहरी स्थानीय निकाय राज्यमंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील राणा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
बता दें कि ये तीसरी बार है जब शपथग्रहण समारोह की तिथि में बदलाव किया गया। इससे पूर्व 12 और फिर 15 अक्टूबर को समारोह की बात सामने आई थी। बता दें कि गत दिवस केंद्रीय नेतृत्व ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दिल्ली बुलाया था। यहां सैनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। जहां देर रात तक बैठक चली, जिसमें शपथ ग्रहण समारोह और सैनी मंत्रिमंडल पर मंथन हुआ।
हरियाणा में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 14 मंत्री बन सकते हैं। मंत्री पद की दौड़ में कृष्ण लाल पंवार, रणबीर गंगवा, कृष्ण कुमार बेदी, आरती सिंह राव, ओम प्रकाश यादव, राव नरबीर सिंह, श्रुति चौधरी, शक्ति रानी शर्मा, अनिल विज, श्याम सिंह राणा, जगमोहन आनंद, हरविंदर कल्याण, कृष्ण लाल मिड्ढा, अरविंद कुमार शर्मा, विपुल गोयल, निखिल मदान और घनश्याम दास, देवेंदर अत्री, महीपाल ढांडा, सुनील सांगवान, बिमला चौधरी, लक्ष्मण यादव, श्याम सिंह राणा के अलावा निर्दलीय सावित्री जिंदल का नाम शामिल है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अमित शाह और राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




