
- कांग्रेस पर लगाया भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद को बढ़ावा देने का आरोप
चंडीगढ़। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस का शासनकाल भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय नौकरी पाने के लिए दलालों की जरूरत होती थी, जो ‘खर्ची’ और ‘पर्ची’ दोनों मांगते थे। हमारी सरकार ने इस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए बिना खर्ची-पर्ची के नौकरियाँ दी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आरक्षण का दुरुपयोग किया है और एससी, ओबीसी समुदायों के हितों की अनदेखी की है। उन्होंने शुक्रवार को रेवाड़ी, अंबाला जिले में मुलाना विधानसभा क्षेत्र की बराड़ा की अनाज मंडी और कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रैलियों को संबोधित किया।
धारा 370 को लेकर भी साधा निशाना
कांग्रेस पर हमला करते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सेना का अपमान ही किया है। कांग्रेस पार्टी ही सेना अध्यक्ष को गुंडा कहने का दुस्साहस कर सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आजकल यह भ्रांति फैली रही है की अग्निवीर बनकर सेना से वापस आए बच्चों को उनके हाल पर छोड़ दिया जाएगा, लेकिन आज मैं वादा करके जाता हूँ कि हरियाणा में हर अग्निवीर को पेंशन वाली नौकरी दी जाएगी। शाह ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का श्रेय भाजपा को दिया और कहा कि राहुल गांधी इसे वापस लाने की बात करते हैं, लेकिन उनकी तीन पीढ़ियां भी इसे वापस नहीं ला सकतीं।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को उनके अधिकार से वंचित किया, जबकि भाजपा ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा राशि को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख किया जाएगा। इसके अलावा बुजुर्गों को 5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। शाह ने शाहजादपुर शुगर मिल को पुन: स्थापित करने और क्षेत्र में एक महाविद्यालय एवं सिविल अस्पताल में आईसीयू सुविधा उपलब्ध कराने का भी वादा किया।
5 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा
उन्होंने क्षेत्र में खरखोदा जैसा एक औद्योगिक शहर बनाने की घोषणा की। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस सुविधा भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि रसोई गैस के दाम 500 रुपये प्रति सिलेंडर तक सीमित कर दिए गए हैं और महिलाओं को 2100 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। प्रदेश के 5 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। शाह ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रत्येक अग्निवीर को शत-प्रतिशत पेंशन वाली नौकरी देगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
इस अवसर पर लाडवा से भाजपा प्रत्याशी सीएम नायब सिंह सैनी, संतोष सारवान, पवन सैनी, असीम गोयल सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




