
- हरविंदर कल्याण सर्वसम्मति से स्पीकर और कृष्ण लाल मिड्ढा बने डिप्टी स्पीकर
चंडीगढ़। हरियाणा की 15th Assembly के पहले सत्र के प्रथम दिन कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक डॉ. रघुबीर सिंह कादियान ने बतौर प्रोटेम स्पीकर नवनिर्वाचित 90 विधायकों को विधानसभा सदस्य के तौर पर शपथ दिलाई। सर्वप्रथम सदन के नेता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। इसी प्रकार कैबिनेट मंत्रियों अनिल विज, कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, महीपाल ढांडा, विपुल गोयल, डॉ. अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, रणबीर गंगवा, कृष्ण कुमार बेदी, श्रीमती श्रुति चौधरी और कुमारी आरती सिंह राव ने भी हरियाणा विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।
तत्पश्चात राज्य मंत्री राजेश नागर, गौरव गौतम सहित अन्य सभी विधायकों ने भी विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। सदन की कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा अध्यक्ष के पद के लिए विधायक हरविंदर कल्याण के नाम का प्रस्ताव रखा। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया और सर्वसम्मति से विधायक हरविंदर कल्याण विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विधानसभा उपाध्यक्ष के पद के लिए विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा के नाम का प्रस्ताव रखा। विधायक घनश्याम दास ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया और सर्वसम्मति से विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कैबिनेट मंत्री अनिल विज, महीपाल ढांडा, रणबीर गंगवा, कृष्ण कुमार बेदी और विधायक डॉ. रघुबीर सिंह कादियान सहित अन्य सभी सदस्यों ने हरविंदर कल्याण को अध्यक्ष तथा डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा को उपाध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई व शुभकामनाएं दी।
हुड्डा-विज में हुई तीखी बहस | 15th Assembly
- मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सदन में अभिभाषण पढ़ा तो पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस पर सवाल उठा दिए।
- उन्होंने कहा कि यह तो सरकार का भाषण सदन में पढ़ दिया।
- मेरे पास बहुत है बोलने को, मगर मैं बोलूंगा नहीं।
- इस पर मंत्री अनिज विज ने कहा कि हुड्डा साहब, जो आपके पास था हरियाणा की जनता ने उस पर काटा लगा दिया है।
- इस पर हुड्डा तैश में आ गए और स्पीकर से कहा कि ये भाषा और तरीका गलत है।
- मैं अपने विधायक सदन से बाहर ले जाता हूँ।
- मंत्री विज ने कहा कि जनता बड़ी होती है और उस फैसले को स्वीकार करना चाहिए।
- यही नहीं हुड्डा ने स्पीकर से कहा कि आपको इनकी भाषा पर ध्यान होगा।
- यदि सदन में इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किया जाता है तो यह ठीक नहीं होगा।
दो आदमियों को कस के रखना, सदन अच्छा चलेगा: हुड्डा | 15th Assembly
इस विवाद में जब मंत्री महिपाल ढांडा कूदे तो बेरी से विधायक डॉ. रघुवीर कादियान ने उन्हें टोका। तब ढांडा ने कहा कि मामा बैठ जा, हर बात ना टोका कर। रघुवीर कादियान ने कहा कि ढांडा मेरा भांजा लगता है। मैं इसको बचपन से जानता हूँ। तब भी यह उछला करता था, आज भी उछलता है। इस पर रामकुमार गौतम ने कहा कि रघुवीर बुड्ढा हो गया है। भांजे से कभी नहीं लड़ा जाता। इसका बुढ़ापे में दिमाग सठिया गया है। हुड्डा ने कहा कि स्पीकर महोदय, दो आदमियों को कस के रखना, सदन अच्छा चलेगा। एक महीपाल ढांडा और दूसरा अनिल विज। स्पीकर ने दोनों को समझाते हुए मामले को शांत किया।
यदि कोई सदस्य नियमों का उल्लंघन करे तो उसे टोकें: सीएम सैनी | 15th Assembly
- नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारा सदन भवन एवं सभागार नहीं है।
- यह पौने 2 करोड़ जनता की आकांशाओं का केन्द्र है।
- 15वीं विधानसभा में 40 नए सदस्य चुनकर आए हैं।
- नए सदस्यों की ऊर्जा पुरानों के काम आएगी और पुराने का अनुभव काम आएगा।
- नए सदस्य सदन के नियमों का गहन अध्ययन करेंगे।
- मातृशक्ति की संख्या 13 हो गई है। यह अच्छा संकेत है।
- हम लोकतांत्रिक मूल्य का पालन करेंगे।
- स्पीकर महोदय, यदि कोई सदस्य नियमों के उल्लंघन में पाया जाता है तो आपको पूरा हक है
आप उसे टोकें या सख्त फैसला लें।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




