
उक्त कर्ज का 650 करोड़ देना होगा व्याज
चंडीगढ़। 4 लाख करोड़ से ज्यादा कर्ज के बोझ तले चल रही पंजाब सरकार ने एक बार फिर से राज्य को चलाने के लिए कर्ज लिया है। इस बार पंजाब सरकार ने 1150 करोड़ का कर्ज लिया है और इस कर्ज की वापिसी साल 2044 तक की जाएगी। पंजाब राज्य अगले 20 और 25 सालों तक इस कर्ज की वापसी करता रहेगा। सरकार ने इस 1150 करोड़ रुपये के कर्ज में 650 करोड़ रुपए को 25 सालों के लिए लिया है तो वहीं 500 करोड़ को 20 सालों के लिए लिया गया है। इस 1150 करोड़ के कर्ज की वापिसी के लिए पंजाब सरकार को 7.15 फीसदी दर से लगभग 650 करोड़ का ब्याज भी देना होगा।
इस हिसाब से पंजाब को अगले 20 से 25 सालों में 1150 करोड़ के कर्ज की वापसी 1800 करोड़ में की जाएगी। पंजाब सरकार को हर साल लगभग 85 करोड़ रुपय की अदायगी करनी होगी। जानकारी के अनुसार राज्य की आमदनी में उम्मीद अनुसार विस्तार नहीं होने से पंजाब सरकार का खर्च अपनी कमाई से अधिक हो रहा है। इसमें ही पूर्व सरकारों द्वारा लिए गए मोटे कर्ज को भी हर साल वापिस करना पड़ रहा है तो ऐसे में पंजाब की ‘आप’ सरकार पूर्व सरकारोंं की तरह आमदनी का साधन बढ़ाने की बजाय कर्ज लेने को प्राथमिकता दे रही है।
जिसके चलते पंजाब राज्य पहले से अधिक कर्जदार होने के साथ ही वित्तीय बोझ के नीचे दब रहा है। ‘आप’ सरकार ने अक्तूबर माह के शुरुआत में ही 1150 करोड़ का कर्ज लिया है और यह कर्ज एक साथ लेने की बजाय 500 करोड़ व 650 करोड़ रुपये में लिया गया है। 500 करोड़ को पंजाब सरकार ने 7.15 फीसदी दर के साथ 25 सितम्बर 2044 तक वापिसी करनी है तो वहीं 650 करोड़ को सरकार ने 7.14 फीसदी दर से 25 सितम्बर 2049 तक वापिस करना है।
पंजाब सरकार द्वारा किस महीने में कितना लिया गया कर्ज
- अप्रैल 2700 करोड़
- मई 1500 करोड़
- जून 2500 करोड़
- जुलाई 2500 करोड़
- अगस्त 0700 करोड़
- अक्तूबर 1150 करोड़
- कुल कर्ज 11050 करोड़
6 महीने में सरकार ने लिया 11 हजार 50 करोड़ का कर्ज
पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने इस वित्तीय साल के पहले 6 महीने में ही 11 हजार 50 करोड़ का कर्ज लिया है। पंजाब सरकार ने हर माह लगभग 1 हजार करोड़ रुपये लेकर 2500 करोड़ तक का कर्ज लिया है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि पंजाब सरकार को हर महीने ही अपनी सरकार को चलाने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है, जोकि सरकार की खराब वित्तीय हालत की तरफ भी इशारा कर रहा है।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।




