फिरोजपुर, 15 अगस्त(Punjab Media Team)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 80th Independence Day के राज्य स्तरीय समारोह के दौरान कहा कि वर्ष 2026 पंजाब की महिलाओं के लिए आर्थिक आजादी और सशक्तिकरण का साल बन रहा है। फिरोजपुर कैंट बोर्ड स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत अब तक 74.59 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है और 65 लाख से अधिक महिलाओं को सम्मान राशि मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत 65.62 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 2,274 करोड़ 42 लाख रुपये की राशि स्थानांतरित की जा चुकी है। उन्होंने बाकी पात्र महिलाओं से भी पंजीकरण करवाकर योजना का लाभ लेने की अपील की।
भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई, नशे के खिलाफ अभियान और सड़क सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 69 हजार से अधिक युवाओं को मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं और भर्ती प्रक्रिया को ‘नो कैश, नो फरमाइश’ के सिद्धांत पर पारदर्शी बताया।
80th Independence Day पर महिलाओं के लिए CM मान का बड़ा संदेश
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिल रहा है। उनके अनुसार अब तक तीन लाख से अधिक मरीजों को 1,100 करोड़ रुपये का कैशलेस इलाज मिल चुका है। प्रदेश में 1,090 आम आदमी क्लीनिक संचालित हैं, जहां रोजाना करीब 92 हजार लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 882 विद्यार्थियों ने NEET, 361 ने JEE मेन्स और 64 विद्यार्थियों ने JEE एडवांस्ड परीक्षा पास की है। साथ ही शिक्षकों और प्रिंसिपलों को सिंगापुर, फिनलैंड और अहमदाबाद में प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।
कृषि और सिंचाई पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नहर सिंचाई का दायरा बढ़ाकर 60 लाख 30 हजार एकड़ तक किया गया है। सरकार ने हर खेत तक नहर का पानी पहुंचाने के लिए 7,200 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। वहीं, ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत 56,394 मामले दर्ज किए गए हैं और 75 हजार से अधिक तस्करों को जेल भेजे जाने का दावा किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री ने पंजाब की शांति और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने हुसैनीवाला के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शहीदों के सपनों का ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इस दौरान शानदार परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को दर्शाती झांकियां भी प्रस्तुत की गईं।
यह भी पढ़े :- लुधियाना में ‘Ek Shaam Bhagwan Shiv Ke Naam’ भजन संध्या में पहुंचे केजरीवाल




