PUNJAB

300 टन गोबर से बनेगी Compressed Bio Gas, हैबोवाल में प्लांट तैयार

Punjab Media

लुधियाना, 15 अगस्त (Punjab Media Team)। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को हैबोवाल में 65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले Compressed Bio Gas (CBG) प्लांट की आधारशिला रखी। 2.5 एकड़ में विकसित होने वाली इस परियोजना के सितंबर 2027 तक चालू होने की संभावना है। प्लांट के जरिए हैबोवाल डेयरी कॉम्प्लेक्स से प्रतिदिन पैदा होने वाले करीब 300 टन पशुओं के गोबर को वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेस किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना ‘वेस्ट-टू-वेल्थ’ मिशन के तहत बुड्ढे नाले के पुनर्जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे बिना उपचारित गोबर और कचरे को बुड्ढे नाले में जाने से रोकने में मदद मिलेगी, जिससे जल प्रदूषण और सीवरेज जाम की समस्या कम होगी। परियोजना से डेयरी कॉम्प्लेक्स और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार आएगा।

मान ने बताया कि प्लांट प्रतिदिन लगभग पांच टन Compressed Bio Gas और जैविक बायो-खाद का उत्पादन करेगा। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने और जैविक खेती को प्रोत्साहन देने में मदद मिलेगी। परियोजना से करीब 435 डेयरी मालिकों को सीधा लाभ मिलेगा तथा युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने परियोजना में सहयोग के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) के अधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने परियोजना के लिए 2.5 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है और पर्यावरण संरक्षण के लिए राज्य में ऐसे और प्लांट स्थापित किए जाएंगे।

Compressed Bio Gas प्लांट से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

मान ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब के जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के कार्यकाल में 14,000 किलोमीटर पाइपलाइनें बिछाई गई हैं, जबकि इस वर्ष के अंत तक 7,000 किलोमीटर अतिरिक्त पाइपलाइनें बिछाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि नहरों और नदियों में रिचार्ज प्वाइंट बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से 21 लाख क्यूसेक पानी रिचार्ज किया गया है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की अन्य उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पंजाब में 69,000 से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और राज्य में 43,000 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है।

मावां-धीयां सतकार योजना का उल्लेख करते हुए मान ने कहा कि 72.13 लाख लाभार्थी इसका लाभ ले रहे हैं। योजना के तहत अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये और अन्य वर्गों की महिलाओं को 1,000 रुपये मासिक दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री सेहत योजना पर उन्होंने कहा कि पंजाब के परिवारों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और अब तक 937 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त इलाज दिया जा चुका है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरदीप सिंह मुंडियां, राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल Compressed Bio Gas उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

यह भी पढ़े :- 10 लाख तक कैशलेस इलाज, Mukh Mantri Sehat Yojana. में 6 लाख उपचार पूरे


Punjab Media

Punjab Media

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

Related Articles

Back to top button