Site icon Punjab Media

बरिंदर कुमार गोयल और तरुनप्रीत सिंह सौंद द्वारा ज़िला फाजिल्का के सरहदी गांवों का दौरा

CABINET MINISTERS BARINDER KUMAR GOYAL AND TARUNPREET SINGH SOND VISIT BORDER VILLAGES OF FAZILKA DISTRICT

CABINET MINISTERS BARINDER KUMAR GOYAL AND TARUNPREET SINGH SOND VISIT BORDER VILLAGES OF FAZILKA DISTRICT

Punjab Media

मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों की निगरानी और लोगों से सीधा संवाद कर उन्हें आवश्यक सुविधाएँ तत्काल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल संसाधन मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल और ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री स. तरुनप्रीत सिंह सौंद ने आज ज़िला फाजिल्का के अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगते गांवों का दौरा किया और सतलुज की क्रीक में आए पानी के प्रभाव का जायज़ा लिया।

इस दौरान श्री बरिंदर कुमार गोयल ने गांव कावांवाली पत्तन और मुहार जमशेर का दौरा किया, वहीं स. सौंद भी गांव मुहार जमशेर पहुँचे और लोगों की समस्याएँ सुनीं। दोनों मंत्रियों ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों को तात्कालिक रूप से आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएँ।

गांव को जोड़ने वाली सड़क पर पानी भरा होने के कारण दोनों मंत्री ट्रैक्टर पर बैठकर गांव मुहार जमशेर के भीतर तक गए। हालाँकि गांव में पानी दाखिल नहीं हुआ और सभी घर सुरक्षित हैं। श्री गोयल ने बताया कि फिलहाल बांधों पर पानी का स्तर कम हो रहा है जिससे आने वाले दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है।

दोनों कैबिनेट मंत्रियों ने कहा कि इस दौरे का उद्देश्य न सिर्फ लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान करना है, बल्कि स्थायी हल की योजना बनाने के लिए स्थिति का ज़मीनी स्तर पर आकलन करना भी है। उन्होंने अधिकारियों से मौजूदा हालात की पूरी जानकारी ली।

मंत्रियों ने बताया कि सरकार द्वारा इस प्राकृतिक आपदा के समय लोगों की हर संभव मदद की जा रही है। प्रभावित गांवों में मेडिकल टीमें, पशुपालन विभाग की टीमें भेजी जा रही हैं और ज़रूरत पड़ने पर राशन भी उपलब्ध कराया जाएगा। रात के समय सभी गांवों में बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मान सरकार ने तुरंत मदद के लिए सभी टीमें तैनात कर दी हैं और प्रभावित इलाकों को सेक्टरों में बाँटकर सेक्टर अधिकारियों को नियुक्त किया गया है ताकि लोगों से सीधा संवाद कर सहायता पहुँचे। प्रशासन गाँव-गाँव के लोगों के संपर्क नंबर भी एकत्र कर रहा है ताकि हर व्यक्ति से सीधे जुड़ा जा सके।

मंत्रियों ने बताया कि विशेष गिरदावरी के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं और किसानों के हर नुकसान का मुआवज़ा दिया जाएगा। अधिकारियों को गांवों में डेरा डालने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों की तात्कालिक मदद हो सके।

इस मौके पर ग्रामीणों ने मांग-पत्र भी सौंपा जिसे स. तरुनप्रीत सिंह सौंद ने स्वयं मुख्यमंत्री स. मान तक पहुँचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरहदी क्षेत्र के लोग बहादुर हैं, देश की रक्षा में भी हमारी सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होते हैं और सरकार इस कठिन समय में उनके साथ है।

इस अवसर पर फाजिल्का के विधायक श्री नरिंदर पाल सिंह सवना ने इस मौके पर इलाके की कच्ची ज़मीनों का मुद्दा उठाया। इस पर श्री गोयल ने कहा कि इस विषय पर समिति पहले से काम कर रही है और सरकार लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप कदम बढ़ा रही है।

फाजिल्का के विधायक श्री नरिंदर पाल सिंह सवना और बल्लुआणा के विधायक श्री अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर ने बताया कि ज़िला प्रशासन लगातार मांग के अनुसार प्रभावित गांवों में पशु चारा उपलब्ध करवा रहा है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जनता की सेवा कर रहा है और वे स्वयं भी लगातार लोगों से संपर्क में हैं।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू ने ज़िले में बाढ़ राहत संबंधी किए गए प्रबंधों की जानकारी साझा की। इस मौके पर एस.डी.एम. वीरपाल कौर, जल संसाधन विभाग के निगरान इंजीनियर राजन ढींगरा और कार्यकारी इंजीनियर आलोक चौधरी भी उपस्थित रहे।


Punjab Media
Exit mobile version