Site icon Punjab Media

हरियाणा में 3 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य :मुख्यमंत्री

Lakhpati Didi

Lakhpati Didi

Punjab Media

5000 महिलाओं को दिया जाएगा ड्रोन का प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य में हरियाणा की ओर से भी सहभागिता की जाएगी। प्रदेश में 3 लाख बहनों को लखपति दीदी बनाया जाएगा। इसके अलावा, राज्य में 5000 बहनों को ड्रोन की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

प्रथम चरण में 500 स्वयं सहायता समूहों को चयनित किया गया है और हर ग्रुप में 10 महिलाओं को ड्रोन की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 102 बहनों को ड्रोन की ट्रेनिंग प्रदान करके विभिन्न विभागों में काम भी दिलवाया गया है। उन्होंने यहां अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित लखपति दीदी महासम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन वर्चुअली सुना। इस दौरान प्रदेशभर में 132 स्थानों पर वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी मातृशक्ति जब लखपति दीदी बनेगी, तो वे एक माँ, बहन, पत्नी इत्यादी के रूप में पूरे परिवार का सहयोग करेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं में बहादुरी, समर्पण का भाव होता और परिवार की धूरी भी महिलाएं ही होती हैं, इसलिए मातृशक्ति को आगे बढ़ाने से पूरा परिवार आगे बढ़ता है। एक महिला शिक्षित और सशक्त होकर 3 पीढ़ियों को मजबूत करने का कार्य करती है।

55 हजार स्वंय सहायता समूहों से जुड़ी 6 लाख महिलाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में आज लगभग 55,000 स्वयं सहायता समूह बने हुए हैं, जिनसे लगभग 6 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इन समूहों द्वारा उत्पाद बनाये जाते हैं और वे अपनी आजीविका कमाते है। लेकिन इन उत्पादों को बेचने के लिए बाजार की पहुंच आवश्यक है, इसलिए हमने घोषणा की है कि हर शहर व कस्बे में साझा बाजार स्थापित किए जाएंगे, जहां स्वयं सहायता समूह अपने उत्पाद बेच सकते हैं।

महिलाओं को लिए 200 करोड़ के वेंचर कैपिटल फंड का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं छोटे उद्योग स्थापित करने में आगे बढ़ रही हैं और इसके लिए उन्हें ऋण लेने की आवश्यकता पड़ती है, जिसके लिए उन्हें गारंटी देनी पड़ती है। इससे राहत देने के लिए इस बार के बजट में वेंचर कैपिटल फंड के रूप में 200 करोड़ रुपये केवल गारंटी उपलब्ध करवाने के लिए प्रावधान किया गया है, ताकि महिलाओं को ऋण के लिए गारंटी न देनी पड़े। इतना ही नहीं, स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।

गाँव-गाँव महिलाओं की आजीविका बढ़ेगी

मनोहर लाल ने कहा कि कृषि प्रधान प्रदेश होने के नाते यहां किसानों को ड्रोन की बहुत बड़ी आवश्यकता पड़ने वाली है। अभी तक किसान अपने कधे पर मशीनें लगा कर खेतों में यूरिया का छिड़काव करता है। अब नैनो यूरिया यानि लिक्विड यूरिया के छिड़काव के लिए ड्रोन की बहुत बड़ी मांग बढ़ रही है। अब ये काम हमारी बहनें करेंगी। 5000 ड्रोन भी दिए जाएंगे और गांव-गांव के अंदर महिलाओं की आजीविका बढ़ेगी।

इतना ही नहीं, ट्रैफिक व्यवस्था, खनन, अवैध कॉलोनियां के सर्वे करने के लिए विभागों को भी ड्रोन की आवश्यकता है और ये ड्रोन अब हमारी लखपति दीदी चलाएंगी। इस अवसर पर लोकसभा सांसद व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी, सांसद संजय भाटिया, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती अमरेंद्र कौर, राज्यसभा सांसद कृष्ण पंवार, विधायक रामकुमार कश्यप, हरविंद्र कल्याण, धर्मपाल गोंदर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें


Punjab Media
Exit mobile version