अजमेर, 14 मई (Punjab Media)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित होने वाली SI भर्ती परीक्षा-2021 को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। पेपर लीक, डमी कैंडिडेट और अनुचित साधनों के मामलों में फंसे अभ्यर्थियों को अब एप्लीकेशन अपडेट करने का मौका नहीं मिलेगा। आयोग ने साफ कर दिया है कि जिन उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, उन्हें 16 मई से शुरू होने वाली आवेदन संशोधन प्रक्रिया से बाहर रखा जाएगा।
RPSC सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि SI भर्ती-2021 से जुड़े सभी विवादित मामलों की अलग-अलग जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर विधिसम्मत निर्णय लिया जाएगा। आयोग परीक्षा से पहले संबंधित अभ्यर्थियों को अलग से सूचना भी जारी करेगा।
हालांकि अन्य अभ्यर्थियों को राहत देते हुए आयोग ने आवेदन पत्र में सुधार और जरूरी जानकारी अपडेट करने का अवसर दिया है। 16 मई से 30 मई तक चलने वाली इस प्रक्रिया में उम्मीदवार मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पत्राचार का पता जैसी जानकारियां अपडेट कर सकेंगे।
गौरतलब है कि SI भर्ती-2021 लंबे समय से विवादों में रही है। ऐसे में आयोग का यह कदम परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़े :- NEET Paper Leak पर सीएम मान का हमला, केंद्र पर लगाए गंभीर आरोप

