Site icon Punjab Media

तानाशाही के खिलाफ पंजाब खड़ा, 2027 में 100 सीटों की सेंचुरी से होगी जीत

Punjab stands against dictatorship, will win with a century of 100 seats in 2027

Punjab stands against dictatorship, will win with a century of 100 seats in 2027

Punjab Media

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लिया जंतर मंतर पर आयोजित रैली में वर्चुअली भाग

दिल्ली, 1 मार्च। जंतर-मंतर पर आयोजित आम आदमी पार्टी की रैली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भाजपा और मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। भगवंत मान ने कहा कि देश में तानाशाही राजनीति के खिलाफ चल रही लड़ाई में पंजाब मजबूती से आम आदमी पार्टी के साथ खड़ा है और 2027 के विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता ‘आप’ को 100 सीटों का तोहफा देगी।

भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और पूरी आम आदमी पार्टी चट्टान की तरह डटकर देश की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने साजिश के तहत ‘आप’ को खत्म करने की कोशिश की, लेकिन अब यह साजिश देश के सामने पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जितना दबाने की कोशिश की गई, पार्टी उतनी ही मजबूत होकर उभरी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार का रवैया पंजाब के प्रति लगातार तानाशाही व सौतेला रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने आरडीएफ और जीएसटी के तहत पंजाबियों के हक के हजारों करोड़ रुपये रोक रखे हैं। ऐतिहासिक बाढ़ के समय घोषित सहायता तक पंजाब को नहीं दी गई। भगवंत मान ने कहा कि यह केवल आर्थिक भेदभाव नहीं, बल्कि पंजाब को कमजोर करने की राजनीति है।

यह लड़ाई किसी एक नेता की नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने की लड़ाई

भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी नफरत और झूठ की राजनीति को खत्म करने आई है। यह लड़ाई किसी एक नेता की नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग लोकतंत्र को दबाना चाहते हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी झुकने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब-जब आम आदमी पार्टी पर संकट आया है, पार्टी पहले से ज्यादा ताकत के साथ उभरी है। जंतर-मंतर वही जगह है, जहां से आम आदमी पार्टी का जन्म हुआ और जहां से सच की आवाज बार-बार उठी। भगवंत मान ने कहा कि सच बोलने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि उसे बार-बार याद नहीं रखना पड़ता, जबकि झूठ बोलने वालों को हर बार पिछली बात याद रखनी पड़ती है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब मुफ्त बिजली, बेहतर सरकारी स्कूल, सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ने लगी, तो झूठे मामलों के जरिए पार्टी के नेताओं को जेल में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि हमारे देश में सजा भले कम हो, लेकिन अदालतों के चक्कर काटना ही असल सजा बना दी गई है।

तमाम तानाशाही, दबावों और साजिशों के बावजूद आम आदमी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की

भगवंत मान ने कहा कि जब पार्टी के शीर्ष नेता जेल में थे, तब भी संगठन नहीं टूटा। जालंधर उपचुनाव इसका उदाहरण है, जहां तमाम तानाशाही, दबावों और साजिशों के बावजूद आम आदमी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जेल से भी यही संदेश दिया कि लोगों के बीच जाओ और सच के साथ खड़े रहो।

पंजाब के योगदान का जिक्र करते हुए भगवंत मान ने कहा कि देश की आजादी से लेकर सीमाओं की सुरक्षा तक पंजाब ने सबसे आगे रहकर कुर्बानी दी है। जब दुश्मन की पहली गोली चलती है, तो सबसे पहले पंजाबियों के सीने तने होते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को भी सबसे पहले मजबूती पंजाब ने ही दी थी और 2027 में भी पंजाब भारी बहुमत के साथ ‘आप’ की सरकार बनाकर देश को साफ संदेश देगा।

अंत में भगवंत मान ने कहा कि सच बोलने की कीमत चुकानी पड़ती है, लेकिन सच का सूरज कभी छुपता नहीं। उन्होंने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और पूरी टीम को भरोसा दिलाया कि पंजाब हर हाल में चट्टान की तरह उनके साथ खड़ा रहेगा।

Read This Also :- Digital Excellence Award : नागरिक-केंद्रित सुधारों के लिए पंजाब सन्मानित


Punjab Media
Exit mobile version