चंडीगढ़, 9 जून: (Punjab Media Team)। मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने कहा कि पंजाब तेजी से देश के सबसे पसंदीदा स्टार्टअप केंद्रों में शामिल हो रहा है, जहां युवा अपने नवीन विचारों को सफल कारोबार और रोजगार के अवसरों में बदल रहे हैं। इसी दिशा में राज्य सरकार ने सोमवार को 31 स्टार्टअप्स और उनके संस्थापकों को कुल 1.07 करोड़ रुपये की Seed Grants वितरित की।
सीड ग्रांट वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य राज्य में ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां युवाओं के विचार केवल कागजों तक सीमित न रहें बल्कि सफल उद्योगों का रूप लेकर रोजगार के नए अवसर पैदा करें। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि किसी भी प्रतिभाशाली युवा का सपना केवल वित्तीय संसाधनों की कमी के कारण अधूरा न रह जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘पंजाब स्टार्टअप एंड इंडस्ट्रियल पॉलिसी-2026’ के तहत Seed Grants की राशि को 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किया गया है। इस योजना के अंतर्गत 7 स्टार्टअप्स को 5-5 लाख रुपये और 24 स्टार्टअप्स को 3-3 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये स्टार्टअप्स आने वाले समय में हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगे और विदेश पलायन की प्रवृत्ति को कम करने में मदद करेंगे।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के युवा अपनी मेहनत, नवाचार और उद्यमशीलता के बल पर नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने दुनिया भर में व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित की है और अब समय आ गया है कि अगली पीढ़ी के सफल उद्यमी अपनी कंपनियां पंजाब में स्थापित करें।
Seed Grants: पंजाब में तैयार हो रही नई पीढ़ी के जॉब क्रिएटर्स: मान
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को नवाचार का केंद्र बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि कक्षाओं में जन्म लेने वाले विचारों को उत्पाद, सेवाओं और उद्योगों में बदलने की दिशा में काम किया जाना चाहिए। उन्होंने दक्षिण कोरिया के पैंगयो टेक्नो वैली और नीदरलैंड्स के वर्ल्ड हॉर्टी सेंटर का उदाहरण देते हुए कहा कि मजबूत इनोवेशन इकोसिस्टम किसी भी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकता है।
उन्होंने कहा कि कृषि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक्नोलॉजी, टेक्सटाइल, विनिर्माण और गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में उभर रहे स्टार्टअप्स पंजाब के आर्थिक विकास को नई गति देंगे। मुख्यमंत्री ने युवा उद्यमियों को बड़े सपने देखने और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि नवाचार, उद्यमिता और दृढ़ संकल्प ही भविष्य की अर्थव्यवस्था की असली ताकत हैं। पंजाब सरकार युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये 31 स्टार्टअप्स पंजाब को देश के अग्रणी स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
यह भी पढ़े :- ED Raids करा पंजाब के हिन्दू व्यापारियों को तंग कर रही ईडी पार्टी- केजरीवाल

