Site icon Punjab Media

विदेश जाने की जगह युवा अब पंजाब में बना रहे भविष्य: Bhagwant Mann

Instead of going abroad, youth are now building their future in Punjab says Bhagwant Mann

Instead of going abroad, youth are now building their future in Punjab says Bhagwant Mann

Punjab Media

लुधियाना/जगराओं, 29 अक्टूबर। मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने दावा किया है कि पंजाब में रोजगार के अवसर बढ़ने से युवाओं का विदेश जाने का रुझान घटा है। उन्होंने कहा कि पहले राज्य में रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण युवा विदेश जाने के लिए मजबूर होते थे, लेकिन अब पंजाब में ही अपना भविष्य बनाने के अवसर मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि अब तक 70 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और भर्ती में पैसे लेने या सिफारिश के आधार पर नौकरी देने का कोई आरोप सरकार पर नहीं लगा है।

मुख्यमंत्री बुधवार को लुधियाना जिले के जगराओं विधानसभा क्षेत्र के गांव कमालपुरा में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गांव के सर्वांगीण विकास के लिए सरपंच को 51 लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य पंजाब के गांवों का विकास करना और लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने पास की नीट परीक्षा : Bhagwant Mann

शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए Bhagwant Mann ने कहा कि सरकारी स्कूलों की बदली तस्वीर का परिणाम है कि इस साल पंजाब के सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा पास की है, जबकि 2021 में यह संख्या केवल 80 थी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही गरीबी के चक्र को तोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है। सरकार आम परिवारों के बच्चों को भी डॉक्टर और अन्य पेशेवर बनने के समान अवसर उपलब्ध करवाने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल मुफ्त सुविधाएं या कल्याणकारी योजनाएं गरीबी को स्थायी रूप से समाप्त नहीं कर सकतीं। इसके लिए सरकारी स्कूलों को मजबूत बनाना और बच्चों को बेहतर शिक्षा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के पैसे का इस्तेमाल शिक्षा और जनकल्याण के लिए कर रही है।

पासपोर्ट बनवाने की मांग घटने का दावा

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब में रोजगार के अवसर बढ़ने से युवाओं को अब रोजी-रोटी के लिए विदेश जाने की मजबूरी से राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहले युवाओं के पास अपने राज्य में रोजगार के पर्याप्त विकल्प नहीं थे, लेकिन अब योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उनके अनुसार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है और किसी भी उम्मीदवार को नौकरी पाने के लिए रिश्वत या राजनीतिक सिफारिश की जरूरत नहीं है।

किसानों को दिन में बिजली, महिलाओं को सम्मान राशि का भरोसा : Bhagwant Mann

भगवंत मान ने कहा कि किसान परिवार से होने के कारण वह किसानों की समस्याओं को समझते हैं। इसी वजह से कृषि ट्यूबवेलों के लिए रात के बजाय दिन में बिजली उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को रात के समय खेतों में सिंचाई करने की परेशानी से राहत मिली है।

उन्होंने महिलाओं से अपने बैंक खाते और एटीएम तैयार रखने की अपील करते हुए कहा कि सम्मान राशि जल्द ही उनके खातों में आने वाली है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है।

गांवों के विकास पर खर्च हो रहा पैसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार गांवों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार धनराशि जारी कर रही है। सड़कों में सुधार, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और टोल प्लाजा बंद करने जैसे कदमों से आम लोगों को राहत मिली है। उन्होंने दावा किया कि टोल प्लाजा बंद होने से लोगों के प्रतिदिन लगभग 70 लाख रुपये बच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि करों के रूप में इकट्ठा होने वाला पैसा जनता का है और उसका इस्तेमाल स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, बिजली तथा विकास कार्यों पर होना चाहिए। नशों के खिलाफ अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए 3,100 खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें नशों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा दी जा सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत प्रति परिवार 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू की गई है, ताकि लोगों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हो सके।

कांग्रेस और अकाली नेताओं पर साधा निशाना

राजनीतिक विरोधियों पर हमला करते हुए भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा के नेता पंजाब की तरक्की के बजाय सत्ता हासिल करने की लड़ाई में उलझे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों के नेताओं का साझा एजेंडा उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाना है, जबकि उनकी सरकार पंजाब के लोगों के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सत्ता का इस्तेमाल निजी संपत्तियां बनाने या राजनीतिक प्रभाव बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस पर निशाना साधा।

यह भी पढ़े :- Congress वॉकआउट कर गई और भाजपा चुप रही : बलतेज पन्नू


Punjab Media
Exit mobile version