- जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के साथ सरकार बनाएगी नेशनल कॉन्फ्रेंस
चंडीगढ़। उत्तर भारत के दो प्रदेशों हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को विधानसभा चुनाव के नतीजों का ऐलान हो गया। Haryana Assembly Election Result 2024 हरियाणा में जहां भारतीय जनता पार्टी ने सबसे बड़ी जीत के साथ इतिहास रचा और पूर्ण बहुमत के साथ जीत की हैट्रिक बनाई। वहीं जम्मू-कश्मीर फारूख अब्दुल्ला की नेशनल कॉन्फ्रेंस सबसे पार्टी के रूप में उभरी, जो अब कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाएगी। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार विजयी अभियान जारी रखते हुए 48 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं कांग्रेस को 37, इनेलो को दो और 3 सीटें निर्दलीयों के खाते में गर्इं।
अगर जीत दर्ज करने वाले प्रमुख चेहरों की बात करें तो उनमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विनेश फोगाट, निर्दलीय उम्मीदवार सावित्री जिंदल शामिल हैं। हार का मुंह देखने वाले प्रमुख हस्तियों में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला, पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, भाजपा नेता ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, कैप्टन अभिमन्यू और पूर्व मंत्री रणजीत सिंह, हलोपा से गोपाल कांडा शामिल हैं।
आम आदमी पार्टी की उम्मीदों पर फिरा झाडू
कांटे के चुनाव में भाजपा को सबसे अधिक 39. 90 और कांग्रेस को 39.10 प्रतिशत वोट मिले। इंडियन नेशनल लोकदल 4.15 प्रतिशत के साथ तीसरे नम्बर पर बहुत पीछे रही। सभी 90 सीटों पर प्रत्याशी उतारने वाली आम आदमी पार्टी को केवल 1.79 प्रतिशत वोट मिले। वहीं जम्मू-कश्मीर में संविधान के अनुच्छेद 370 के हटने और एक दशक के बाद हुए विधानसभा चुनावों में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां)-कांग्रेस गठबंधन ने बहुमत हासिल कर लिया है।
केन्द्र शासित प्रदेश में विधानसभा की 90 सीटों में से नेकां-कांग्रेस गठबंधन ने 48 सीटें जीतीं, जिससे बहुमत का आंकड़ा 46 पार हो गया। वरिष्ठ राजनेता फारूक अब्दुल्ला के नेतृत्व में नेकां ने 42 सीटें हासिल कीं, जिनमें कश्मीर क्षेत्र से 35 और जम्मू से सात सीटें शामिल हैं। कश्मीर घाटी में नेकां ने 40 सीटों पर चुनाव लड़ा था। नेकां के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने बडगाम और गंदेरबल,दोनों सीटों पर जीत हासिल की है।
कश्मीर से एक भी सीट जीतने में विफल
चुनाव नतीजों पर टिप्पणी करते हुए नेकां अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि यह केंद्र के पांच अगस्त, 2019 के कदम (जिसने जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे को रद्द कर दिया था) की स्पष्ट अस्वीकृति का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने घोषणा की कि उमर अब्दुल्ला गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री होंगे। विधानसभा चुनावों में नेकां की सहयोगी कांग्रेस ने खराब प्रदर्शन किया है और पार्टी सिर्फ छह सीटें ही जीत सकी है, जिनमें से पांच कश्मीर क्षेत्र से आर्इं।
जम्मू में कांग्रेस ने सबसे खराब प्रदर्शन किया और पार्टी केवल राजौरी (एसटी) सीट जीतने में सफल रही। इसकी तुलना में कांग्रेस ने 2014 के चुनावों में जम्मू से पांच सीटें जीती थीं। भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू में अपना प्रभुत्व बनाए रखा है। पार्टी ने जम्मू क्षेत्र से 29 सीटें जीती हैं। पार्टी कश्मीर से एक भी सीट जीतने में विफल रही। भगवा पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण उलटफेर तब हुआ, जब भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना नौशेरा से अपनी सीट हार गए।
हरियाणा
- कुल सीटें : 90
- भाजपा 48
- कांग्रेस 36
- इनेलो 02
- अन्य 03
जम्मू-कश्मीर
- कुल सीटें: 90
- नेशनल कॉन्फ्रेंस 42
- कांग्रेस 06
- भाजपा 29
- पीडीपी 03
- अन्य 10
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया
“मैं हरियाणा की जनता को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत देने के लिए नमन करता हूं। यह विकास और सुशासन की राजनीति की जीत है। मैं यहां के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि हम उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे…”
भाजपा मुख्यालय में जश्न
भाजपा मुख्यालय में जश्न मनाते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव पर कहा, “हरियाणा की जीत ऐतिहासिक जीत है पीएम मोदी के नेतृत्व की जीत है और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की रणनीति की जीत है।
हरियाणा की जनता ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन और विकास के एजेंडे को महत्व दिया है….जम्मू-कश्मीर में सबसे अधिक मत बीजेपी ने प्राप्त की है वहां पर बीजेपी ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और हमें विश्वास है कि आने वाले समय में हम और बेहतर करेंगे।”
भाजपा तीसरी बार हरियाणा की सेवा के लिए तैयार है।
-नायब सैनी, सीएम
परिणाम बहुत निराशाजनक: सैलजा
‘‘परिणाम बहुत निराशाजनक हैं। सुबह तक हमें उम्मीद थी। हमारे सभी कार्यकर्ता बहुत निराश हैं। वे कांग्रेस पार्टी के लिए पिछले दस वर्ष से कड़ा परिश्रम कर रहे थे और जब परिणाम सामने आया तो वे बहुत निराश हैं। हमें नई शुरूआत करनी होगी और कमियों के बारे सोचना होगा। हमें यह देखना होगा कि ऐसे परिणामों के लिए कौन जिम्मेदार है।’’
-कुमारी सैलजा, कांग्रेस सांसद
हुड्डा बोले हमे जनता का फैसला स्वीकार
हरियाणा के चुनाव परिणाम पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, ‘हमें जनता का फैसला स्वीकार है। पार्टी में तालमेल की कोई कमी नहीं थी। हमें कई जगहों से EVM में गड़बड़ी की शिकायतें मिली हैं। हम चुनाव आयोग से मुलाकात करेंगे।’
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

