Site icon Punjab Media

जंडियाली स्कूल के गुरुजी बने देशभर के लिए मिसाल

LUDHIANA TEACHER NARINDER SINGH SELECTED FOR NATIONAL TEACHERS’ AWARD

LUDHIANA TEACHER NARINDER SINGH SELECTED FOR NATIONAL TEACHERS’ AWARD

Punjab Media

पंजाब के लिए गौरव की बात है कि लुधियाना ज़िले के सरकारी प्राइमरी स्कूल, जंडियाली के शिक्षक नरिंदर सिंह का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए हुआ है। यह सम्मान उन्हें 5 सितम्बर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर उन्हें 50 हज़ार रुपये नकद, मेरिट सर्टिफिकेट और रजत पदक मिलेगा।

पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस उपलब्धि पर नरिंदर सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और नवाचारी सोच ने न केवल विद्यार्थियों का भविष्य संवारा है बल्कि पूरे पंजाब का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि नरिंदर सिंह की सफलता राज्य के बाकी शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा है।

नरिंदर सिंह वर्ष 2002 से स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों, सहयोगियों और शिक्षा विभाग के सहयोग से ही संभव हुआ है। उनका मानना है कि शिक्षक का असली उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि जगाना और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है।

जंडियाली स्कूल की तस्वीर बदलने में नरिंदर सिंह का अहम योगदान माना जाता है। उनकी पहल पर गाँव की पंचायत और राज्य सरकार के सहयोग से स्कूल में 15 स्मार्ट क्लासरूम, 3 पुस्तकालय (एक मोबाइल पुस्तकालय सहित) और 3 विशेष पार्क – सुंदर लेखन पार्क, गणित पार्क और आईटी पार्क स्थापित किए गए हैं। इन आधुनिक सुविधाओं ने बच्चों की पढ़ाई और रचनात्मकता को नया आयाम दिया है।

नरिंदर सिंह का कहना है कि यह राष्ट्रीय सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी देता है। वह भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों के जीवन को सकारात्मक दिशा देने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।


Punjab Media
Exit mobile version