- जुलाना के नतीजे की गूंज पूरी दुनिया में जाए ताकि लोग कहें जुलाना ने न्याय किया: दीपेन्द्र
चंडीगढ़। सांसद दीपेंद्र हुड्डा बुधवार को जुलाना से कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट का नामांकन कराने पहुंचे। नामांकन दाखिल कराने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विनेश फोगाट को भारी मतों के अंतर से जिताने की अपील की और कहा कि पूरे देश की नजर हरियाणा के साथ ही खास तौर पर जुलाना विधानसभा के नतीजे पर रहेगी। उन्होंने जुलाना की जनता से अपील की कि यहाँ का नतीजा ऐसा आये कि उसकी गूंज पूरी दुनिया में जाए और लोग कहें कि जुलाना ने न्याय किया है। उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट ने जीवन में मेहनत और संघर्ष किया है।
किसी भी खिलाड़ी के लिये सरकार और सिस्टम से टकराना आसान नहीं होता। जब दुनिया के सारे खिलाड़ी मैट पर प्रैक्टिस कर रहे थे तब विनेश फोगाट खिलाड़ी बेटियों को न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रही थी और बेटियों को न्याय दिलाने के लिये अपना कैरियर दांव पर लगा दिया। बीजेपी ने खिलाड़ी बेटियों को दगा कारतूस कहा तो ओलंपिक में इन्होंने सारी दुनिया को झुकाकर बीजेपी को करारा जवाब भी दिया।
इस अवसर पर सोनीपत सांसद पंडित सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक कार्यकर्ता साथी की मेहनत रंग लायेगी और जुलाना विधानसभा से विनेश फोगाट भारी मतों के अंतर से जीतेंगी। इस दौरान विनेश फोगाट के समर्थन में जयपुर (राजस्थान) की चौमू विधानसभा से विधायक डॉ. शिखा बराला विशेष रूप से मौजूद रहीं।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार के समय खेल-खिलाड़ियों के हित में हुए कामों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जिनता खेल के लिये किया वो किसी ने नहीं किया। पिछले 10 साल से खेलों का विकास रुका हुआ है लेकिन अब दोबारा कांग्रेस सरकार आने के बाद खेलों का विकास फिर शुरू होगा।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

