नई दिल्ली/चंडीगढ़, 14 जुलाई (Punjab Media Team)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब आज टेक्सटाइल उद्योग के लिए भारत के सबसे आकर्षक निवेश स्थलों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को पारदर्शी, तेज़ और निवेशक-अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रही है, जिससे रोजगार, निर्यात और औद्योगिक विकास को नई गति मिल रही है। Bharat Tex 2026
नई दिल्ली में आयोजित Bharat Tex 2026 के दौरान पंजाब स्टेट पवेलियन का उद्घाटन करने और राज्य सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने हाल ही में नई इंडस्ट्रियल एंड बिजनेस डेवलपमेंट पॉलिसी लागू की है। इसके साथ ही सिंगल विंडो और सिंगल पेन प्रणाली के माध्यम से उद्योगों को तय समय सीमा में सभी आवश्यक मंजूरियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में पंजाब ने करीब 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया है, जिससे लगभग पांच लाख रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार उद्योगपतियों को केवल निवेशक नहीं, बल्कि राज्य की आर्थिक प्रगति का भागीदार मानती है। प्रशासनिक अड़चनों को कम करने के लिए रेड कार्ड व्यवस्था लागू की गई है, ताकि उद्योगों को बिना अनावश्यक देरी के काम करने का अवसर मिल सके।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के पास मजबूत उद्यमशीलता संस्कृति, कुशल मानव संसाधन, विकसित विनिर्माण क्षमता और टेक्सटाइल की संपूर्ण वैल्यू चेन उपलब्ध है। कपास उत्पादन से लेकर धागा, कपड़ा, प्रोसेसिंग, रेडीमेड गारमेंट और निर्यात तक पूरी प्रक्रिया राज्य के भीतर ही पूरी की जा सकती है। यही विशेषता पंजाब को अन्य राज्यों से अलग बनाती है।
Bharat Tex 2026 मंच से मुख्यमंत्री मान ने उद्योगपतियों को पंजाब आने का आह्वान
उन्होंने बताया कि पंजाब भारत के टेक्सटाइल एवं परिधान निर्यात में लगभग 4 प्रतिशत योगदान देता है। वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान राज्य से 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का टेक्सटाइल निर्यात हुआ। पंजाब में निर्मित उत्पाद अमेरिका, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्धमान, नाहर, मोंटे कार्लो, स्पोर्टकिंग, सनातन टेक्सटाइल्स, गंगा एक्रोवूल, शिंगोरा और ऑक्टेव जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां पंजाब की औद्योगिक क्षमता का प्रमाण हैं। वहीं हजारों सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग राज्य की टेक्सटाइल अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ बने हुए हैं। उन्होंने विशेष रूप से लुधियाना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शहर देश के ऊनी निटवियर का लगभग 90 प्रतिशत और होजरी उत्पादन का करीब 65 प्रतिशत हिस्सा तैयार करता है। Bharat Tex 2026
मुख्यमंत्री ने निवेशकों से पंजाब में टेक्निकल टेक्सटाइल, मेडिकल टेक्सटाइल, स्मार्ट फैब्रिक, स्पोर्ट्सवियर, सस्टेनेबल फाइबर और रिसर्च आधारित उद्योगों में निवेश करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार बेहतर बुनियादी ढांचा, विश्वसनीय बिजली, कौशल विकास, नवाचार और निर्यात प्रोत्साहन के माध्यम से उद्योगों को हरसंभव सहयोग देती रहेगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा सहित उद्योग जगत के अनेक प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :- मान सरकार सिंचाई के लिए टेलों तक 100 प्रतिशत Canal Water पहुंचाएगी: गोयल

