Site icon Punjab Media

CM मान ने अमृतसर का नवां New Sultanwind Flyover जनता को समर्पित

CM Mann dedicates Amritsar's new Sultanwind flyover to the public.
Punjab Media

अमृतसर, 28 जून: (Punjab Media Team)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को अमृतसर के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए सुल्तानविंड बाईपास और सुल्तानविंड लिंक रोड के जंक्शन पर बने New Sultanwind Flyover को जनता को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से शहर की लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक समस्या का समाधान होगा और प्रतिदिन श्री दरबार साहिब सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर आने वाले दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

New Sultanwind Flyover के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए 34.20 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी, लेकिन पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया और बेहतर प्रबंधन के कारण इसे केवल 22.68 करोड़ रुपये में पूरा कर लिया गया। इससे सरकारी खजाने के 11.52 करोड़ रुपये की बचत हुई। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के प्रत्येक रुपये का उपयोग पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहुंच मार्गों सहित परियोजना की कुल लंबाई 985 मीटर है, जबकि फ्लाईओवर 725 मीटर लंबा और 14 मीटर चौड़ा है। स्थानीय यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए दोनों ओर 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड भी बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना में वर्षा जल निकासी के लिए आरसीसी नालियों के साथ रेन वाटर हार्वेस्टिंग वेल्स भी बनाए गए हैं, जिससे यह पर्यावरण-अनुकूल परियोजना बन गई है।

New Sultanwind Flyover में पारदर्शी निर्माण से 11.52 करोड़ रुपये की बचत

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 15 जुलाई तक पूरे पंजाब में 3,100 नए स्टेडियम, 3,000 आधुनिक जिम और 400 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना और नशे से दूर रखना सरकार की प्राथमिकता है। खेल संस्कृति को बढ़ावा देकर युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब सिंचाई के लिए 80 प्रतिशत से अधिक नहरी पानी का उपयोग हो रहा है, जबकि सरकार 43,000 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण करा रही है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदारों को पांच वर्षों तक उनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।

सरकार की अन्य उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है, किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और 68,000 से अधिक युवाओं को बिना भ्रष्टाचार और सिफारिश के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के टैक्स का पैसा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी ढांचे के विकास पर खर्च किया जा रहा है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा विकास के मुद्दों पर सरकार का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए फर्जी वीडियो और धार्मिक मुद्दों के जरिए लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार केवल विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की राजनीति में विश्वास रखती है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े :- CM मान ने पूरे पंजाब में 500 Rural Gyms जनता को समर्पित किए


Punjab Media
Exit mobile version