लुधियाना, 27 जून: (Punjab Media Team)। राज्य को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए पंजाब सरकार ने ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के दूसरे चरण के तहत ‘Soorma’ मुहिम की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लुधियाना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दो वर्ष से अधिक समय से नशा मुक्त जीवन जी रहे युवाओं को ‘Soorma’ रिंग और विशेष टी-शर्ट पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ये युवा अब समाज में ‘उम्मीद के दूत’ बनकर अन्य लोगों को नशे से बाहर निकलने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही सरकार इन्हें रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून के सहारे नहीं, बल्कि पुनर्वास, शिक्षा, रोजगार और खेलों के माध्यम से भी जीती जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि 15 जुलाई तक राज्य के लगभग 3,100 गांवों में खेल मैदान और 3,000 जिम शुरू कर दिए जाएंगे, ताकि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिल सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलों के क्षेत्र में लगातार निवेश कर रही है, जिससे नशा मुक्त और रंगला पंजाब की मजबूत नींव रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन युवाओं ने नशे जैसी गंभीर समस्या को हराकर नया जीवन शुरू किया है, वे असली ‘Soorma’ हैं। सामाजिक उपेक्षा और मानसिक संघर्ष के बावजूद इन युवाओं ने साहस और इच्छाशक्ति के बल पर नशे को मात दी है। अब यही युवा सरकार के साथ मिलकर ‘एम्बेसडर ऑफ रिकवरी’ के रूप में काम करेंगे और नशे से जूझ रहे लोगों का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार पूरे राज्य में आधुनिक सुविधाओं से लैस नशा मुक्ति केंद्र स्थापित कर चुकी है और उपचार के बाद भी परामर्श व सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
‘Soorma’ मुहिम शुरू, नशामुक्त युवाओं को मिला सम्मान और रोजगार
राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश में शीर्ष स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने बताया कि लाखों परिवारों को ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है, जबकि सड़क सुरक्षा बल (एसएसएफ) सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने में सफल रहा है। किसानों को दिन में बिजली, सिंचाई के लिए अधिक नहरी पानी और अधिकांश घरों को मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘Soorma’ कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का अभियान है। उन्होंने घोषणा की कि जो व्यक्ति कम से कम दो वर्षों से नशा मुक्त हैं, वे व्हाट्सएप नंबर 9779142200 पर “Soorma” संदेश भेजकर इस कार्यक्रम से जुड़ सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार नशों के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी, जबकि नशा छोड़ने की इच्छा रखने वाले हर व्यक्ति को उपचार, पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :- Beadbi दोषियों को शरण देने वालों को संगत माफ नहीं करेगी: मुख्यमंत्री मान

