Site icon Punjab Media

पंजाब चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटीं CEO अनिंदिता मित्रा

CEO Anindita Mitra engaged in preparations for the 2027 Punjab elections

CEO Anindita Mitra engaged in preparations for the 2027 Punjab elections

Punjab Media

चंडीगढ़, 20 नवंबर। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) पंजाब अनिंदिता मित्रा ने चुनावी सुरक्षा तैयारियों को लेकर अभी से मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में उन्होंने पंजाब पुलिस मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय अंतरराज्यीय समन्वय बैठक की संयुक्त अध्यक्षता की। बैठक में छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ केंद्रीय सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसमें चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और नशे व अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए संयुक्त रणनीति पर चर्चा की गई।

अनिंदिता मित्रा ने विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था प्रवीण कुमार सिन्हा के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए विभिन्न राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत पर जोर दिया। यह बैठक डीजीपी पंजाब गौरव यादव की ओर से आयोजित की गई। बैठक का संचालन आईजीपी काउंटर इंटेलिजेंस एवं पंजाब चुनावों के राज्य पुलिस नोडल अधिकारी आशीष चौधरी ने किया।

बैठक में पंजाब के अलावा हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तथा राज्य नोडल अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त बीएसएफ, सीआरपीएफ, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), पंजाब एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और आबकारी एवं कर विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

चुनाव से पहले नशे और हथियारों की तस्करी पर शिकंजा कसने की तैयारी

बैठक में चुनाव के दौरान धनबल, नशे और अवैध हथियारों के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा हुई। नशीले पदार्थों, अवैध हथियारों, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और गैरकानूनी शराब की अंतरराज्यीय तस्करी रोकने के लिए पड़ोसी राज्यों के बीच समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया गया।

इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों के नेटवर्क की जानकारी साझा करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाने की रणनीति पर भी विचार किया गया।

अनिंदिता मित्रा ने रियल टाइम सूचना साझा करने पर दिया जोर

बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा की ओर से चुनाव संबंधी सुरक्षा तैयारियों में विभिन्न एजेंसियों के बीच तत्काल सूचना आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय की जरूरत पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने वास्तविक समय में खुफिया जानकारी साझा करने, सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने की व्यवस्था मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया।

इसके अलावा चुनाव के दौरान सांप्रदायिक और संवेदनशील मुद्दों से निपटने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदाताओं में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के अंत में सभी एजेंसियों ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए आपसी सहयोग और समन्वय के साथ काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Read This Also :- पंजाब के सभी मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर को लगेंगे विशेष शिविर : Anindita Mitra


Punjab Media
Exit mobile version