आॅस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कहा कि स्टार आॅलराउंडर कैमरन ग्रीन भारत के खिलाफ दिसंबर में होने वाली घरेलू टेस्ट शृंखला की तैयारी के लिए पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की शृंखला से बाहर रह सकते हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के बजाय ग्रीन आॅस्ट्रेलिया की घरेलू प्रथम श्रेणी प्रतियोगिता शैफील्ड शील्ड में खेल सकते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्तमान टेस्ट शृंखला से पहले भी यही रणनीति अपनाई गई थी और ग्रीन ने पहले टेस्ट मैच में 174 रन की नाबाद पारी खेलकर इसे सही साबित किया था। आॅस्ट्रेलिया ने इस मैच में बड़ी जीत दर्ज की थी।
ग्रीन टी20 शृंखला के लिए टीम में शामिल नहीं
ग्रीन को वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 शृंखला के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था। इसके बजाय उन्होंने पश्चिमी आॅस्ट्रेलिया की तरफ से तस्मानिया के खिलाफ शैफील्ड शील्ड का मैच खेला था जिसमें उन्होंने नाबाद 103 रन बनाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए अच्छी तैयारी की थी।
मैकडोनाल्ड ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर रखना बड़ा फैसला होता है वह भी तब जबकि वह आपकी सर्वश्रेष्ठ एकादश में शामिल होने की काबिलियत रखता हो। इसलिए मुझे खुशी है कि ग्रीन ने हमारा सुझाव माना और इसके बाद शानदार वापसी की। आॅस्ट्रेलिया सितंबर में पांच वनडे और तीन टी20 मैचों की शृंखला के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगा और इसके बाद पाकिस्तान में तीन वनडे और इतने ही टी20 मैच खेलेगा। इसके बाद भारत और आॅस्ट्रेलिया के बीच आॅस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए पांच टेस्ट मैच की शृंखला खेली जाएगी।
यह भी पढ़ें
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

