चंडीगढ। पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, वन और वन्यजीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के वरिष्ठ नेता Sitaram Yechury के निधन पर गहरा सदमा और शोक व्यक्त किया है। सीताराम येचुरी का आज लंबी बीमारी के कारण एम्स, नई दिल्ली में निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे।
वह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। येचुरी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कटारूचक्क ने कहा कि अपने छात्र जीवन से लेकर अंत तक, सीताराम येचुरी ने पूरी निष्ठा के साथ हमेशा गरीबों और समाज के दबे-कुचले वर्गों की भलाई और विकास के लिए काम किया। दिवंगत नेता के निधन को एक युग का अंत बताते हुए कटारूचक्क ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्हें येचुरी के नेतृत्व में कुछ समय काम करने का मौका मिला और उन्होंने येचुरी से बहुत कुछ सीखा।
कटारूचक्क ने आगे कहा कि येचुरी ने युवाओं को बड़ी संख्या में जनपक्षीय राजनीति से जोड़ा। दिवंगत सी.पी.एम. नेता को जनता का प्रतिनिधि बताते हुए कटारूचक्क ने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में अपने दो कार्यकालों के दौरान, येचुरी ने हमेशा जनता के हितों की पैरवी की और उनके मुद्दों को उठाया। उल्लेखनीय है कि येचुरी ने लंबे समय तक सी.पी.एम. के महासचिव के रूप में भी सेवा की। कटारूचक्क ने परमात्मा से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सीताराम येचुरी हमेशा लोगों के दिलों में अमर रहेंगे।
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

