उपभोक्ताओं के खातों से फर्जीवाड़े को अंजाम देकर राशि अपने खाते में ट्रांसफर करने का आरोप
खेड़ी लोहचब एक्सिस बैंक शाखा में उपभोक्ताओं के खातों तथा चैकों का दुरुपयोग कर 25 लाख रुपये के गबन करने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने ब्रांच मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी करने, फर्जी कागजों को सहारा लेने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक्सिस बैंक मुख्य शाखा के मैनेजर रवीश गुलाटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बैंक द्वारा गांव खेड़ी लोहचब में ब्रांच खोली गई है।
जिसमें चौधरियान मोहल्ला निवासी ललित को मैनेजर लगाया गया था। आरोपित ने बंैक उपभोक्ताओं को बिना बताए उनके खातों से रुपये को दूसरे खातों में ट्रांसफर कर लिया। उपभोक्ताओं को उनकी चैकबुक न देकर उसका खुद दुरुपयोग करता रहा। उपभोक्ताओं के खाते से राशि ट्रांसफर करने का सिलसिला पांच मई 2019 से दस जनवरी 2024 तक जारी रहा।
25 लाख रुपये की राशि एसबीआई के खाते में ट्रांसफर
शिकायत मिलने पर जब बैंक प्रबंधन ने जांच की तो सामने आया कि आरोपित ने उपभोक्ता के खाते, उनकी चैकों का दुरुपयोग कर 25 लाख रुपये की राशि का दूसरे खातों में ट्रांसफर अपने एसबीआई के खाते में ट्रांसफर कर लिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुख्य शाखा के मैनेजर रवीश गुलाटी की शिकायत पर ब्रांच मैनेजर ललित के खिलाफ धोखाधड़ी करने, गबन करने, दस्तावेजों का दुरुपयोग करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार को सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी चंद्र सिंह ने बताया कि मुख्य शाखा के मैनेजर ने ब्रांच मैनेजर पर गबन तथा धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Read Also
Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

