चंडीगढ़, 24 नवंबर। पंजाब में अकाली दल और भाजपा के दोबारा गठबंधन के बाद मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने दोनों दलों को घेरा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इन पार्टियों की पुरानी राजनीति को भूले नहीं हैं। यह गठबंधन पंजाब के हितों के बजाय राजनीतिक परिवारों और अपनी कुर्सियां बचाने के लिए किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे ‘ठग जोड़’ बताते हुए कहा कि जनता को एक बार फिर गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।
Bhagwant Mann ने कहा कि जब केंद्र सरकार ने तीन कृषि कानून बनाए थे, तब बादल परिवार ने इनका समर्थन किया था। उस समय इन कानूनों को किसानों के लिए फायदेमंद बताया जाता था, लेकिन किसान आंदोलन के बढ़ने और उसे देश-विदेश से समर्थन मिलने के बाद अकाली दल ने अपना रुख बदल लिया। हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और अकाली दल ने भाजपा से गठबंधन तोड़ लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान 750 किसानों की जान गई और अब दोनों पार्टियां फिर एक साथ आ गई हैं।
मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने भाजपा पर पंजाब से जुड़े कई अहम मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यही भाजपा पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़, राज्य के पानी और सिख संस्थाओं से जुड़े मामलों में ऐसे फैसले लेना चाहती थी, जिनका पंजाब विरोध करता रहा है। उन्होंने कहा कि पहले सुखबीर सिंह बादल भी भाजपा और आरएसएस पर सिख संस्थाओं में दखल देने के आरोप लगाते थे, लेकिन अब दोनों पार्टियां फिर राजनीतिक साझेदार बन गई हैं।
10 साल के शासन का भी किया जिक्र : Bhagwant Mann
मान ने 2007 से 2017 तक चले अकाली-भाजपा शासन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान पंजाब में नशे की समस्या और बेअदबी की घटनाएं सामने आईं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग उस दौर को नहीं भूले हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जिन राजनीतिक दलों को लंबे समय तक सत्ता में रहकर पंजाब के विकास के लिए काम करने का मौका मिला, वे अब भी राज्य के लिए कोई स्पष्ट रोडमैप पेश नहीं कर पाए हैं।
Bhagwant Mann ने कहा कि कांग्रेस और अकाली-भाजपा गठबंधन ने 2002 से 2022 तक अलग-अलग समय पर पंजाब में सरकार चलाई। इन दलों के पास राज्य की समस्याओं को हल करने के लिए पर्याप्त समय था, लेकिन अब वे दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए गठबंधन कर रहे हैं।
78 हजार सरकारी नौकरियों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी की राजनीति को आम लोगों से जुड़ा बताते हुए कहा कि उनकी सरकार का गठबंधन पंजाब के 3.25 करोड़ लोगों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम परिवारों के साथ है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने बिना रिश्वत के 78 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने इसे ‘ना पर्ची, ना खर्ची’ की नीति का परिणाम बताया।
मान ने मुफ्त बिजली, खेतों तक नहरी पानी, मोहल्ला क्लीनिक, स्कूल ऑफ एमिनेंस और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम परिवारों तक पहुंच रहा है और पार्टी अपनी उपलब्धियों को हर घर तक लेकर जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी धर्म और जाति के आधार पर राजनीति नहीं करती, बल्कि सकारात्मक राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने दोहराया कि उनकी पार्टी का गठबंधन किसी राजनीतिक दल या परिवार से नहीं, बल्कि पंजाब के आम लोगों से है।
यह भी पढ़े :- हरियाणा में कांग्रेस का ‘Save The Vote Save The Nation’ अभियान तेज

