Site icon Punjab Media

दशहरे के दिन कैथल में हुआ दर्दनाक हादसा

Kaithal Accident
Punjab Media

नहर में गिरी कार, एक ही परिवार के 8 सदस्यों की मौत

चंडीगढ़। हरियाणा में कैथल जिले के मुंदडी के निकट शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक कार अनियंत्रित होकर सरसा ब्रांच नहर में गिर गई। दशहरे के दिन हुए इस हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 4 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं। वहीं कार चालक करमजीत की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। मृतक परिवार गांव गुहणा में होने वाले एक कार्यक्रम में जा रहा था। Kaithal Accident

जानकारी के अनुसार, डिग गांव के एक ही परिवार के 9 सदस्य आॅल्टो कार में सुबह कैथल के गांव गुहणा में दशहरे के अवसर गुरु रविदास मंदिर में जा रहे थे। वे सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर से निकले थे। उनकी आॅल्टो कार मुंदड़ी नहर में गिर गई। हादसे की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी को कार से बाहर निकालकर कैथल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया।

डिंग गांव के रहने वाले थे सभी मृतक

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 7 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान दर्शना (40) पत्नी करमजीत, सुखविंदर (28) पत्नी प्रवीण, चमेली (65) पत्नी जिले सिंह, फिजा (19) पुत्री करमजीत, वंदना (14) पुत्री करमजीत, रिया (12) पुत्री प्रवीण, नवनीत (8) पुत्री प्रवीण और कोमल के रूप में हुई है।

वहीं पानी के तेज बहाव के चलते बही 15 वर्षीय लड़की कोमल का शव लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर दोपहर बाद मिला। जिसे बाद में नागरिक अस्पताल कैथल लाया गया और पोस्टमार्टम किया गया। इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। डीएसपी ललित कुमार ने बताया कि मामले में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें चार बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गाड़ी अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। मौके पर मौजूद लोग वहां से भागकर घटनास्थल पर पहुंचे। गाड़ी में सवार लोगों को बचाने के लिए नहर में कूद गए। करीब 10 से 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी को बाहर निकाला गया। इसके बाद कार में सवार महिला और बच्चों को कार के पीछे वाले शीशे को तोड़कर निकाला गया। उस समय 2 लोग जीवित थे। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी भी मौत हो गई।

पूरे गाँव में मातम का माहौल | Kaithal Accident

कुछ दिन पहले ही आॅल्टो गाड़ी ली थी। इस परिवार का एक सदस्य विदेश में रहता है। जिसके पत्नी और बच्चो की मौत भी इस हादसे में हो गई। पूरे परिवार की मौत होने से डिग गांव में इस कदर मातम का माहौल था कि कही भी चूल्हा नहीं जला। गमगीन माहौल में मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया।

परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं

हरियाणा के कैथल में हुआ सड़क हादसा हृदय विदारक है। इसमें जान गंवाने वालों के शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करे। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव मदद में जुटा है
– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश

गांव डीग से गांव गुहणा में दशहरे की पूजा करने जा रहे एक ही परिवार के आठ लोगों की सड़क हादसे में जान जाने की दुर्घटना हृदयविदारक है। प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंच कर हरसंभव मदद कर, राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
-नायब सैनी, कार्यकारी मुख्यमंत्री, हरियाणा

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।


Punjab Media
Exit mobile version